Aadinivas App : 25 मई को ‘आदिनिवास’ ऐप लांच करेंगे CM सोरेन, शिक्षा-रोजगार से जुड़ेंगे आदिवासी युवा

रांची में 25 मई को एक खास डिजिटल पहल की शुरुआत होने जा रही है। देशभर के आदिवासी युवाओं को शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक मार्गदर्शन से जोड़ने के उद्देश्य से “आदिनिवास ऐप” लॉन्च किया जाएगा। इस ऐप का उद्घाटन झारखंड के मुख्यमंत्री Hemant Soren करेंगे। आयोजन को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं।
करमटोली स्थित प्रेस क्लब सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि “आदिनिवास” सिर्फ एक मोबाइल ऐप नहीं, बल्कि आदिवासी समाज को तकनीक के माध्यम से एकजुट करने की बड़ी पहल है। इसका मकसद देश के अलग-अलग राज्यों में रहने वाले आदिवासी युवाओं को एक मंच पर लाकर उन्हें आधुनिक अवसरों से जोड़ना है।
आयोजकों के मुताबिक यह प्लेटफॉर्म आदिवासी समाज की संस्कृति, भाषा, पहचान, परंपरा, जल-जंगल-जमीन और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखने की दिशा में भी काम करेगा। साथ ही युवाओं को तकनीकी जानकारी, रोजगार और व्यवसायिक अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की कोशिश की जाएगी।
बताया गया कि ऐप में करीब 80 अनुभवी और विशेषज्ञ लोगों को जोड़ा गया है, जो युवाओं को शिक्षा, करियर, व्यवसाय और सामाजिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मार्गदर्शन देंगे। इससे युवाओं को सही दिशा और बेहतर नेटवर्किंग का अवसर मिलेगा।
आदिनिवास ऐप के जरिए आदिवासी उद्यमियों, व्यापारियों और युवाओं को बाजार से जोड़ने की भी योजना बनाई गई है। आयोजकों ने कहा कि कई लोगों के पास अच्छा व्यवसाय और हुनर है, लेकिन उन्हें पर्याप्त बाजार और नेटवर्किंग नहीं मिल पाती। यह ऐप उस कमी को दूर करने का काम करेगा।
इसके अलावा ऐप के माध्यम से सामाजिक और वैवाहिक संपर्क को भी बढ़ावा दिया जाएगा। अलग-अलग राज्यों में रहने वाले आदिवासी परिवारों और युवाओं के बीच संवाद मजबूत करने की कोशिश होगी, ताकि वे अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रह सकें।
आयोजकों का कहना है कि “आदिनिवास” एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेगा, जो आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक और नए अवसरों से भी जोड़ेगा।



