
रायपुर में आईपीएल मुकाबले से पहले क्रिकेट का उत्साह अब पूरी तरह शहर पर दिखाई देने लगा है। होटल से लेकर स्टेडियम तक हर जगह क्रिकेट प्रेमियों की नजरें खिलाड़ियों पर टिकी हुई हैं। शनिवार को जब रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू के खिलाड़ी स्थानीय संस्कृति से रूबरू हुए तो वहां मौजूद लोगों में अलग ही उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक संगीत और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों ने खिलाड़ियों का ध्यान खींच लिया।
स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के जरिए टीम का स्वागत किया। खिलाड़ियों ने सिर्फ कार्यक्रम देखा ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी खानपान और संस्कृति को करीब से समझने की भी कोशिश की। खासतौर पर कांदा भाजी और बस्तर के तिखुर शरबत की चर्चा खिलाड़ियों के बीच खूब होती रही।
रायपुर बना दूसरा होम ग्राउंड : Raipur IPL
रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू ने इस बार आईपीएल के लिए रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है। टीम को 10 मई को मुंबई और 13 मई को कोलकाता के खिलाफ मुकाबला खेलना है। इसी सिलसिले में टीम 8 मई को रायपुर पहुंची थी। खिलाड़ी शहर के मायरा रिजॉर्ट में ठहरे हुए हैं, जहां उनके लिए खास छत्तीसगढ़ी थीम पर आयोजन किए गए।
खिलाड़ियों ने लिया स्थानीय स्वाद का आनंद
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को कांदा भाजी, चरोटा भाजी, रागी से बने व्यंजन और बस्तर का प्रसिद्ध तिखुर शरबत परोसा गया। टीम के कप्तान रजत पाटीदार समेत कई खिलाड़ियों ने इन व्यंजनों का स्वाद लिया। खिलाड़ियों ने स्थानीय कला, आदिवासी हस्तशिल्प और चित्रकोट जलप्रपात के बारे में भी जानकारी ली। आयोजन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति को खास तरीके से प्रस्तुत किया गया।
गोदना कला ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में खिलाड़ियों को गोदना कला के बारे में भी बताया (Raipur IPL) गया। यह पारंपरिक कला आदिवासी संस्कृति का अहम हिस्सा मानी जाती है। क्रिकेटर क्रुणाल पांड्या इस कला से खास तौर पर प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि रायपुर में मिला यह अनुभव उनके लिए बेहद अलग और यादगार रहा है।
मुंबई टीम के लिए भी खास तैयारी
मुंबई की टीम रायपुर के मेफेयर होटल में ठहरी हुई है। वहां भी खिलाड़ियों के लिए छत्तीसगढ़ी खानपान और सांस्कृतिक गतिविधियों की तैयारी की गई है। मैच को लेकर शहर में उत्साह लगातार बढ़ रहा है और क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब मुकाबले पर टिक गई हैं।
बड़े चेहरे भी पहुंच सकते हैं रायपुर
रायपुर में होने वाले मुकाबले को देखने के लिए कई चर्चित लोगों के पहुंचने की संभावना जताई (Raipur IPL) जा रही है। विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा, रोहित शर्मा की पत्नी रितिका और नीता अंबानी के भी रायपुर आने की चर्चा है। करीब दस साल बाद रायपुर में आईपीएल मुकाबला आयोजित हो रहा है। इसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अलग ही उत्साह देखा जा रहा है।



