Kawardha Robbery Case : दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर महिला से लूट, कवर्धा में दहशत, दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में सोमवार दोपहर दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर महिला से लूट की सनसनीखेज वारदात (Kawardha Robbery Case) सामने आई है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम नागरिकों में भय का माहौल बना दिया है। जिले में इस तरह की वारदात को दुर्लभ बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने पति के साथ ससुराल से बाइक पर सवार होकर कवर्धा स्थित मायके आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने देशी कट्टा दिखाकर दंपति को धमकाया और महिला से सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज रफ्तार में मौके से भागने लगे।
पीड़ित दंपति के शोर मचाते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बाइक पर सवार दो आरोपियों को घेराबंदी (Kawardha Robbery Case) कर पकड़ लिया, जबकि अन्य दो आरोपी भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपियों की पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात में शामिल आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी हो सकते हैं।
पुलिस ने जिले के सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश (Kawardha Robbery Case) कर लिया जाएगा। घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।



