Abujhmad Encounter : घने जंगलों में गोलियों की गूंज, एक जवान वीरगति को प्राप्त, 3 नक्सली मारे गए मुठभेड़ में

छत्तीसगढ़ – महाराष्ट्र सीमा से सटे इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में सी-60 यूनिट का एक जवान शहीद हो गया, जबकि सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया है। यह मुठभेड़ अबुझमाड़ के सीमावर्ती घने जंगलों में चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, पंखाजूर क्षेत्र से लगे छत्तीसगढ़ – महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्च अभियान (Abujhmad Encounter) पर निकली थी। जवानों को जंगल में घुसते देख नक्सलियों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
दोनों ओर से हुई गोलीबारी में सी-60 यूनिट के जवान दीपक चिन्ना मड़ावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तड़के हेलीकॉप्टर की मदद से अबुझमाड़ के जंगल से निकालकर भामरागढ़ उपजिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। वे वर्तमान में अहेरी के निवासी थे और मूल रूप से मांड्रा, दामरांचा तहसील अहेरी के रहने वाले थे।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से अब तक तीन माओवादियों के शव बरामद (Abujhmad Encounter) किए हैं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। मौके से एक AK-47 और एक SLR हथियार भी जब्त किया गया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
इस अभियान के दौरान एक अन्य जवान जोगा मड़ावी, निवासी किष्टयापल्ली, भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें भी रात में हेलीकॉप्टर के जरिए बाहर निकालकर भामरागढ़ लाया गया है। अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उन्हें आगे के इलाज के लिए गड़चिरोली रेफर किया जाएगा।
सुरक्षाबलों का कहना है कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन (Abujhmad Encounter) जारी है और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी। इस मुठभेड़ के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट बढ़ा दिया गया है।



