CG Teacher Recruitment : राज्य में 4708 पदों पर शिक्षकों की भर्ती, इस बार हिंदी-संस्कृत व्याख्याताओं को भी मिलेगा मौका

CG Teacher Recruitment

CG Teacher Recruitment

राज्य में 4708 पदों पर शिक्षकों की भर्ती (CG Teacher Recruitment) की तैयारी शुरू हो गई है। वित्त विभाग से अनुमति मिलने के बाद स्कूल शिक्षा विभाग (School Education Department) ने प्रक्रिया को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि इस बार भर्ती में हिंदी और संस्कृत विषयों के व्याख्याताओं के पद भी शामिल किए गए हैं, जो पिछले दस वर्षों में दो बार निकली शिक्षकों की भर्तियों में नहीं थे।

व्यापमं को भेजा गया प्रस्ताव

भर्ती प्रक्रिया के आयोजन के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने व्यापमं (Vyapam Exam Board) को पत्र भेजा है। संभावना है कि आने वाले कुछ दिनों में विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा। प्रदेश में जुलाई 2025 में शिक्षक भर्ती की घोषणा की गई थी, तब 5000 पदों पर भर्ती की योजना बनाई गई थी। हालांकि अब इसमें कंप्यूटर व्याख्याता के 146 और योग व्याख्याता के 146 पद कम करते हुए कुल 4708 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी गई है।

(CG Teacher Recruitment) किन पदों पर होगी भर्ती

तैयार प्रस्ताव के अनुसार, भर्ती में सहायक शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला सहायक, शिक्षक, व्याख्याता और पीटीआई (Physical Training Instructor) पद शामिल होंगे। साथ ही विभाग ने व्यापमं को भेजे पत्र में कहा है कि इसी सत्र (2025-26) में इस भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित की जाए। इस बार व्याख्याताओं की भर्ती संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, जीवविज्ञान, भौतिक शास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, भूगोल और वाणिज्य (Lecturer Vacancy) विषयों में की जाएगी। इसी तरह अंग्रेजी, गणित, कला संकाय, संस्कृत, हिंदी, कृषि और जीवविज्ञान विषयों के लिए शिक्षक के पदों पर भी वैकेंसी आएगी।

पिछली भर्तियों का ब्यौरा

राज्य में पिछली शिक्षकों की भर्ती 2019 और 2023 में निकली थी। 2019 में लगभग 14 हजार पदों पर भर्ती हुई थी, जिसमें अंग्रेजी, रसायन, वाणिज्य, गणित, भौतिकी और जीवविज्ञान विषयों के लिए व्याख्याता नियुक्त किए गए थे। 2023 में 12,489 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चली थी। इस बार भर्ती प्रक्रिया को और पारदर्शी और विषयवार संतुलित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, व्यापमं जल्द ही परीक्षा की तारीखों की घोषणा करेगा। परीक्षा प्रक्रिया को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा। भर्ती में आरक्षण, योग्यता और मेरिट लिस्ट को लेकर 2025 की नई संशोधित भर्ती नीति (Teacher Recruitment Policy 2025) लागू की जाएगी।