Most Popular Chief Minister Survey : देश के दूसरे सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बने विष्णु देव साय, मंत्रिपरिषद की बैठक में गूंजे बधाई के स्वर

Most Popular Chief Minister Survey
Most Popular Chief Minister Survey : देशभर की राजनीति में छत्तीसगढ़ का कद एक बार फिर ऊँचा हुआ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को देश का दूसरा सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री चुना गया है। मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक शुरू होते ही मंत्रियों ने तालियों और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्रतिष्ठित सर्वे एजेंसी द्वारा जारी रिपोर्ट में पहले स्थान पर असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा रहे, जबकि साय दूसरे स्थान पर आए।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सम्मान साय की सादगी, जनता से सीधा जुड़ाव, त्वरित निर्णय क्षमता और हर वर्ग के लिए चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यक्रमों का परिणाम है। मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों पर विशेष जोर दिया है। यही कारण है कि महज दो साल से भी कम समय में वे जनता के दिलों में लोकप्रियता के शिखर पर पहुँच गए हैं।
मंत्रिपरिषद के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि यह सम्मान न केवल मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उनका कहना था कि विष्णु देव साय की ईमानदार छवि, दूरदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व शैली ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है। यह उपलब्धि साबित करती है कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज संपदा या प्राकृतिक संसाधनों के लिए ही नहीं, बल्कि राजनीतिक नेतृत्व के लिहाज से भी चर्चा में है।
गौरतलब है कि साय ने 13 दिसंबर 2023 को छत्तीसगढ़ के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण किया था। उन्होंने राजनीति की शुरुआत गांव की राजनीति से की और सरपंच चुने गए। 1990 में भाजपा के टिकट पर विधायक बने और लगातार आठ साल तक विधानसभा में सक्रिय रहे। इसके बाद 2004 में रायगढ़ से सांसद चुने गए और संसद में भी अपनी सक्रिय भूमिका से अलग पहचान बनाई।
साय भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं और 2022 में उन्हें पार्टी की राष्ट्रीय कार्य समिति का सदस्य बनाया गया। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने हमेशा आदिवासी समुदाय, किसानों और आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया। यही जुड़ाव उन्हें आज इस मुकाम पर लेकर आया है।
सर्वे रिपोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया है कि जनता उन्हें एक ऐसे नेता के रूप में देखती है जो केवल घोषणा नहीं करते बल्कि फैसलों को जमीन पर उतारते हैं। यही कारण है कि लोगों ने उन्हें देश के शीर्ष नेताओं की सूची में दूसरा स्थान दिया। यह उपलब्धि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की राजनीति को और मजबूती देगी और राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।
मंत्रिपरिषद की बैठक में कई मंत्रियों ने कहा कि यह सम्मान (Most Popular Chief Minister Survey) केवल विष्णु देव साय का नहीं बल्कि हर उस नागरिक का है जिसने उन्हें अपना विश्वास दिया है।