धरमजयगढ़. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि को सरकार का संकल्प बताते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा रहा है.
समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने बस्तर में हो रहे बदलावों की सराहना की. उन्होंने कहा कि बस्तर की नई पहचान अब हिंसा नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, संस्कृति और विकास है. जिन इलाकों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं. बंदूक की जगह खेल और भय की जगह विश्वास का वातावरण बन रहा है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और विरासत को नई पहचान मिल रही है. नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में सुरक्षाबलों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की.
जनजातीय समाज के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति का संरक्षण और प्रत्येक परिवार तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है.
मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव और पंडी राम मंडावी का अभिनंदन किया. साथ ही जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया. कार्यक्रम में मांझी-चालकी पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस का वितरण भी किया गया.
कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगा पूरा लाभ
समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी. कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता प्रदान की जाएगी. इससे विशेषकर लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेश में धान खरीदी शुरू हो गई है. किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं. इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है.
बस्तर में शिक्षा और विकास को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति और विश्वास का नया वातावरण तैयार हो रहा है. नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास कार्यों को गति दी जा रही है. सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है.
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है. वहीं, दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए नए मेडिकल कॉलेज और एजुकेशन सिटी विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है.
जनजातीय गांवों तक पहुंच रही विकास योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास पर ध्यान दिया जा रहा है.
उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने और चरण पादुका योजना पुनः शुरू करने की जानकारी भी दी.
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित प्रदेश के कई मंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे.
