पुराने विवाद में युवक पर चाकू से हमला, तीनों भाई गिरफ्तार

रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने गिट्टी खदान के पास कुशालपुर में विवाद के दौरान युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर उसे चोट पहुंचाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्टील का चाकू जब्त किया है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बाजार चौक कुशालपुर निवासी जितेंद्र सेन उर्फ गजनी (25) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गिट्टी खदान के पास पुराने विवाद को लेकर अश्वनी तिवारी, लखन तिवारी और प्रकाश तिवारी ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर चोट पहुंचाई।

शिकायत पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 565/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 109(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 30 अक्टूबर को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी आदतन बदमाश हैं और उनके विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी

तीनों निवासी संतोषी चौक, कुशालपुर, एकांत हार्डवेयर के बाजू, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर हैं। कार्रवाई में साइबर सेल रायपुर और पुरानी बस्ती पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

↑
Exit mobile version