बिना लाइसेंस बन रही थीं गोरा करने वाली क्रीम और फेस सीरम

रायपुर। राजधानी में प्रतिबंधित पाकिस्तानी फेयरनेस क्रीम की बिक्री का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब बिना वैध लाइसेंस कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण का मामला सामने आ गया है। औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने महावीर नगर में छापेमारी कर गोरा करने वाली क्रीम और फेस सीरम बनाने के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। कार्रवाई महेंद्र सचदेवा के ठिकाने पर की गई, जहां पिछले करीब एक महीने से कॉस्मेटिक उत्पाद तैयार किए जा रहे थे।

विभागीय जांच में सामने आया कि संबंधित कारोबार के लिए जारी लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद उत्पादों का निर्माण जारी था। छापेमारी के दौरान टीम ने तैयार क्रीम और सीरम के साथ इनके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल तथा पैकेजिंग सामग्री भी जब्त की है।

तीन ब्रांड के उत्पाद मिले

जांच के दौरान मौके पर मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम का निर्माण होना पाया गया। विभागीय टीम ने इन तीनों ब्रांड के तैयार उत्पादों को जब्त कर लिया है। अब विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि पिछले एक महीने के दौरान कितनी मात्रा में उत्पाद तैयार किए गए और इनकी सप्लाई किन-किन दुकानों एवं बाजारों में की गई।

संचालक ने लाइसेंस समाप्त होने की जानकारी नहीं होने की दी सफाई

कार्रवाई के बाद संचालक महेंद्र सचदेवा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें लाइसेंस की अवधि समाप्त होने की जानकारी नहीं थी। हालांकि, विभाग ने नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए मौके से सभी संबंधित सामग्री जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

गोलबाजार में पहले जब्त हुई थीं 236 पाकिस्तानी क्रीम

गौरतलब है कि राजधानी में संदिग्ध कॉस्मेटिक उत्पादों को लेकर यह लगातार दूसरा मामला है। इससे पहले गोलबाजार स्थित ओम ब्यूटी सेंटर में पाकिस्तान निर्मित प्रतिबंधित क्रीम की बिक्री की सूचना पर औषधि प्रशासन विभाग ने छापा मारा था। उस दौरान 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम सहित कुल 236 डिब्बे जब्त किए गए थे। इनकी कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई गई थी।

कॉस्मेटिक उत्पादों की निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

राजधानी में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने कॉस्मेटिक उत्पादों के निर्माण, बिक्री और गुणवत्ता की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब विभाग की जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि बिना वैध लाइसेंस तैयार किए गए उत्पादों की बाजार में कितनी सप्लाई हुई और इनके निर्माण में इस्तेमाल कच्चा माल निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं।

↑
Exit mobile version