रायपुर। करोड़ों रुपए की ठगी के अलग-अलग मामलों में घिरे होटल कारोबारी दीपक टंडन को मंगलवार को रायपुर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। अदालत ने आरोपी को 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। पुलिस इस दौरान उससे ठगी के मामलों, रकम के लेन-देन और अन्य शिकायतों को लेकर पूछताछ करेगी। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान दीपक टंडन हंसता हुआ नजर आया और उसने हाथ से थम्ब्स-अप का इशारा भी किया। आरोपी के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में ठगी, धोखाधड़ी, धमकी और ब्लैकमेलिंग से जुड़े मामले दर्ज हैं।
एसईसीएल में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी
दीपक टंडन के खिलाफ हाल ही में दर्ज आठवीं एफआईआर में एसईसीएल कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने के नाम पर दो कारोबारियों से 56 लाख रुपए लेने का आरोप है। शिकायतकर्ता विकास कुमार नागले से 25 लाख और श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपए लेने की बात सामने आई है। आरोप है कि ठेका नहीं मिलने पर रकम वापस मांगने पर टालमटोल की गई। इसके बदले दिए गए दोनों चेक भी बैंक में बाउंस हो गए। इसी मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था।
होटल और जमीन के सौदे में भी धोखाधड़ी के आरोप
दीपक टंडन के खिलाफ तेलीबांधा थाने में दर्ज एक मामले में वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ने का आरोप है। शिकायतकर्ता सरिता वाजपेयी ने नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। इस मामले में उसकी पत्नी बरखा टंडन को भी आरोपी बनाया गया है। एक अन्य शिकायत में आशीष जायसवाल ने जमीन और एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर करीब 36 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक संबंधित जमीन दीपक और उसकी पत्नी बरखा के नाम पर नहीं थी।
फॉर्च्यूनर और कोयला टेंडर के नाम पर रकम लेने का आरोप
आशीष जायसवाल की ही एक अन्य शिकायत में वर्ष 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने और वाहन नहीं देने का आरोप है। वहीं सक्ती के सिटी कोतवाली में दर्ज मामले में शिकायतकर्ता किशन शर्मा ने आरोप लगाया है कि मार्च 2022 में बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा दिया गया और इसके एवज में 15 लाख रुपए लिए गए। रकम की गारंटी के लिए बंद बैंक खाते का चेक दिए जाने की बात भी सामने आई है।
एआई से आपत्तिजनक सामग्री बनाने का भी मामला
बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर दीपक टंडन के खिलाफ एआई के जरिए आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया और न्यूज पोर्टल पर प्रसारित करने का आरोप लगा है। शिकायत में ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने की बात भी कही गई है। इस मामले में बिलासपुर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
कई जिलों में दर्ज हैं मामले
दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में अलग-अलग मामले दर्ज होने की जानकारी है। पुलिस के मुताबिक ठेका, कोल ट्रांसपोर्टिंग, जमीन और अन्य कारोबारी सौदों के नाम पर रकम लेने से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से इन सभी मामलों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।
