Whistling Resort Case : नशे में युवती से दुष्कर्म का आरोप, रिसोर्ट संचालक प्रेमी समेत तीन पर एफआईआर

राजनांदगांव। मनगटा स्थित व्हिस्लिंग रिसोर्ट में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। दो दिनों तक चली पूछताछ और जांच के बाद सोमनी पुलिस ने रिसोर्ट संचालक एवं मृतका के कथित प्रेमी आशुतोष साहू समेत तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि युवती को नशा कराया गया और उसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में रिसोर्ट संचालक आशुतोष साहू, उसके साथी छत्रपाल और घनश्याम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। तीनों आरोपित 18 जून से पुलिस हिरासत में थे, जिनसे लगातार पूछताछ की जा रही थी। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर शनिवार को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

18 जून को अस्पताल में मृत घोषित की गई थी युवती

मामले की शुरुआत 18 जून की सुबह हुई थी, जब भिलाई निवासी 24 वर्षीय युवती को अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पेंड्री लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती की पहचान मुस्कान तिवारी के रूप में हुई थी।

पुलिस को दी गई प्रारंभिक जानकारी में आशुतोष साहू ने बताया था कि वह मुस्कान, उसकी एक सहेली और अन्य युवकों के साथ रिसोर्ट में मौजूद था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वे उसे बुलाने पहुंचे तो वह बाथरूम में बेहोश मिली। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

रायपुर क्लब में पार्टी के बाद पहुंचे थे रिसोर्ट

जांच में सामने आया है कि 17 जून को आशुतोष साहू और उसके साथी मुस्कान तथा उसकी सहेली के साथ रायपुर गए थे। वहां एक क्लब में पार्टी करने के बाद देर रात सभी मनगटा स्थित व्हिस्लिंग रिसोर्ट पहुंचे। पुलिस के अनुसार, रिसोर्ट में भी देर रात तक पार्टी चलती रही। इसके बाद 18 जून की सुबह युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पोस्टमार्टम में मिले संदिग्ध निशान

सूत्रों के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान युवती के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान पाए गए थे। मृतका के परिजनों ने भी घटना को लेकर गंभीर आशंका जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की थी। यह भी सामने आया था कि शव से कुछ निजी वस्तुएं गायब थीं, जिसके चलते मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे थे।

विसरा जांच रिपोर्ट का इंतजार

मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित रखकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

↑
Exit mobile version