देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश जनजीवन पर असर (Weather Update) डाल रही है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और नदियों के उफान से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को राजस्थान सहित 16 राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर में बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि मैदानी इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ और कटाव की स्थिति पैदा हो गई है। प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
केदारनाथ यात्रा तीसरे दिन भी बंद
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गौरीकुंड के पास भूस्खलन होने से केदारनाथ यात्रा लगातार तीसरे दिन भी स्थगित रही। सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग में ही रोक दिया गया है। रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
हरिद्वार में गंगा के तेज बहाव में बहने लगा युवक Weather Update
हरिद्वार में गंगाजल भरने के दौरान एक युवक गंगा की तेज धारा में बहने लगा। घाट पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जम्मू कश्मीर में भूस्खलन से हाईवे बंद
जम्मू कश्मीर के राजौरी में भारी बारिश के कारण सरकारी स्कूल की दीवार गिर गई। वहीं अक्चमल क्षेत्र में भूस्खलन के बाद कारगिल लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। प्रशासन सड़क साफ करने का काम कर रहा है।
उत्तर प्रदेश में नदियों का कटाव तेज
बलिया में सरयू नदी का कटाव तेजी से बढ़ने के कारण 100 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों (Weather Update) पर जाना पड़ा है। दो मकान नदी में समा चुके हैं। गोंडा में घाघरा नदी का जलस्तर घटने के बावजूद कटान बढ़ गया है और कई बीघा जमीन नदी में बह गई है।
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी बारिश का असर Weather Update
राजस्थान के चूरू और प्रतापगढ़ में तेज बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया। बाजारों और सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। वहीं छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में चार दिन पहले बहे दंपती का शव और उनकी कार बरामद की गई। बीजापुर में पुल नहीं होने से लोगों को नदी पार कर आवागमन करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने राजस्थान समेत 16 राज्यों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी (Weather Update) किया है। लोगों को नदी और नालों के किनारे जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
