नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त का प्रयास करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर. राजधानी रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली गर्भवती महिला को निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया। प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को मोटी रकम में बेचने की कोशिश की गई। महिला के विरोध करने पर उसे नवजात शिशु सहित बंधक बनाकर रखा गया। मामले में आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता की जानकारी सामने आई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता मूलतः सुंदरगढ़ (ओडिशा) की निवासी है। गर्भावस्था के दौरान उसका संपर्क रायपुर निवासी कृतिका साहू से हुआ था। कृतिका ने उसे निःशुल्क प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाया और रायपुर बुला लिया। रायपुर पहुंचने पर कृतिका ने उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहरा दिया गया।

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने पीड़िता की आर्थिक स्थिति का फायदा उठाने की कोशिश की। उन्होंने उसके नवजात बच्चे को किसी निःसंतान दंपत्ति को बेचने पर मोटी रकम मिलने का प्रलोभन दिया। महिला ने जब इसके लिए मना किया तो उसे डराया-धमकाया जाने लगा।

बताया गया कि 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद महिला को उसके नवजात शिशु सहित दोबारा अहिल्या के घर ले जाया गया, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया। आरोपियों ने धमकी दी कि प्रसव और उपचार में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। तीनों महिलाएं उसकी बिना अनुमति के नवजात शिशु को बेचने का प्रयास कर रही थीं।

पीड़िता की शिकायत पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत धारा 140(3), 143(4), 318(4) एवं 61 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीनों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आजाद चौक थाना प्रभारी को आरोपियों की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीनों महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार कर लिया।

अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त का भी संदेह

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्तता से जुड़ी जानकारी दी है। इसके बाद पुलिस इस पूरे मामले को संभावित नेटवर्क के रूप में देखते हुए जांच कर रही है। आरोपियों से उनके संपर्कों, अन्य संलिप्त व्यक्तियों और पूर्व में की गई घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार महिला आरोपियों के नाम

  1. कृतिका साहू (34 वर्ष) पति स्व. सुमित कुमार साहू, निवासी आमापारा रामकुंड, थाना आजाद चौक, रायपुर।
  2. अहिल्या नामदेव (40 वर्ष) पिता दीपक नामदेव, निवासी सीतानगर गोगांव, थाना गुढ़ियारी, जिला रायपुर।
  3. गीतिका नाग (36 वर्ष) पति चिंतामणि नाग, निवासी स्टोरपारा पुरैना, भिलाई-03, जिला दुर्ग।
↑
Exit mobile version