एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में विकसित करेगी छत्तीसगढ़ सरकार, बजट में मिलेंगे संसाधन: ओपी चौधरी

रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार नवा रायपुर के लखौली स्थित एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में विकसित करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी। इसके लिए संस्थान की जरूरतों का आकलन कर आगामी बजट में समुचित प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा। यह घोषणा प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल होने के दौरान की।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति छत्तीसगढ़ और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी का प्रशिक्षण केवल सैन्य सेवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए भी युवाओं को तैयार करता है।

एनसीसी संस्थान को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

लखौली में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कैडेटों से संवाद करते हुए वित्त मंत्री ने उनके उत्साह और अनुशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान में बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक संसाधन और आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने के लिए सहयोग करेगी।

उन्होंने अधिकारियों को संस्थान की जरूरतों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित विभाग के माध्यम से बजट में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से लखौली का प्रशिक्षण संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएगा।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर साई प्रसाद, कर्नल रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित रहे।

सेना, नौसेना और वायुसेना में करियर बनाने आगे आएं युवा

वित्त मंत्री ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना युवाओं को गौरवशाली करियर के साथ राष्ट्रसेवा का अवसर प्रदान करती हैं। छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक युवाओं को रक्षा सेवाओं में शामिल होने के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और देशसेवा के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर सकारात्मक पहल कर रही है।

सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचें युवा

ओपी चौधरी ने युवाओं को सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और आधुनिक तकनीक ने ज्ञान के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं, लेकिन इनका अनियंत्रित उपयोग एकाग्रता और समय प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि लगातार छोटी-छोटी वीडियो देखने और बिना उद्देश्य सोशल मीडिया पर समय बिताने से लंबे समय तक किसी लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। युवाओं को तकनीक का उपयोग अपने विकास के लिए करना चाहिए, न कि उसका अधीन होना चाहिए।

उन्होंने कैडेटों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने तथा किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले तथ्यों की जांच करने का आह्वान किया।

अपने जीवन के संघर्ष और सफलता के अनुभव भी साझा किए

वित्त मंत्री ने कैडेटों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान उन्होंने समय का अनुशासित ढंग से उपयोग किया। नियमित दिनचर्या और लंबे समय तक एकाग्र होकर अध्ययन करने की आदत ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल संसाधन और सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत सबसे ज्यादा जरूरी हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने सरकारी नौकरियों के साथ उद्यमिता, नवाचार और स्वरोजगार के अवसरों को भी अपनाने के लिए प्रेरित किया।

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा देश

ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने रक्षा उत्पादन, तकनीक, विनिर्माण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। देश स्वदेशी रक्षा उपकरणों के उत्पादन और निर्यात की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस जैसी रक्षा प्रणालियां भारत की बढ़ती तकनीकी और सामरिक क्षमता को प्रदर्शित करती हैं।

उन्होंने मोबाइल फोन विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। युवाओं को भी इस बदलाव का हिस्सा बनकर अपने ज्ञान, कौशल और प्रतिभा से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहिए।

स्वस्थ और अनुशासित युवा ही विकसित भारत की ताकत

वित्त मंत्री ने कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी ताकत है। इस क्षमता का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से मजबूत और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होंगे।

उन्होंने कैडेटों से नियमित व्यायाम, खेलकूद, संतुलित दिनचर्या और मानसिक एकाग्रता पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करने, टीम भावना विकसित करने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की सीख देता है।

अंत में ओपी चौधरी ने कैडेटों से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर अवसर और सकारात्मक वातावरण देने की है। राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

↑
Exit mobile version