रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पमशाला स्थित ईब नदी के तट पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ भगवान राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री और कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं एवं कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और अन्य आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा हैं। इन परंपराओं को जीवंत रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन अनमोल है और इसकी सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझकर उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है। धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।
24 नवंबर को होगा धार्मिक आयोजन का समापन
ग्राम पमशाला के राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां हिस्सा ले रही हैं। महीनेभर चलने वाले इस आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा। मुख्यमंत्री ने सभी मंडलियों के अध्यक्षों और सदस्यों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इनकी वजह से क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक आनंद से जुड़ने का अवसर मिला है।
लोक संस्कृति को सहेजना सभी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से है। कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक सांस्कृतिक विधाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनमें पूर्वजों का ज्ञान, जीवन दर्शन और सामाजिक एकता की भावना समाहित है। इन परंपराओं का संरक्षण कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी का साझा दायित्व है। उन्होंने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ युवाओं का अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रहना भी जरूरी है।
जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही आने वाले समय में जिले की स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रोजगार के अवसर मिलें।
संत गहिरा गुरु के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए संत गहिरा गुरु महाराज को याद किया। उन्होंने कहा कि संत गहिरा गुरु ने अपना जीवन तपस्या, समाज सुधार और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। रामायण की शिक्षा और आध्यात्मिक जागरण के माध्यम से उन्होंने समाज को सदाचार, अनुशासन और नैतिक जीवन का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को नशे और मांसाहार से दूर रहकर सात्विक जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री ने कंवर धाम के केंद्रीय कार्यालय की स्थापना और समाज के संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देने वाले दिवंगत समाजजनों को भी श्रद्धांजलि दी।
सरकार की योजनाओं की दी जानकारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा आवास प्लस 2024 के तहत 3 लाख 65 हजार आवास प्राप्त हुए हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या में दर्शन कर चुके हैं। भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है और चरण पादुका योजना भी दोबारा शुरू की गई है।
1076 पर शिकायत, घर बैठे मिलेगा समाधान
मुख्यमंत्री ने सुशासन के तहत शुरू की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक अब अपनी समस्याओं की शिकायत घर बैठे दर्ज करा सकते हैं। बिजली ट्रांसफार्मर बदलने, फौती नामांतरण, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र तथा थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं होने जैसी समस्याओं के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने सेवा सेतु पोर्टल का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिक मोबाइल से आवेदन कर विभिन्न प्रमाण पत्रों और शासकीय सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकते हैं। फरसाबहार क्षेत्र के पंडरपानी और बंदरचुआ में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीणों को भी आर्थिक लेनदेन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, नगर पालिका जशपुर के उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत सदस्य वेद प्रकाश भगत, कंवर समाज के पूर्व अध्यक्ष आरएन साय, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष स्वधा साय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कीर्तन मंडलियों के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
