रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी को गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर स्क्रैप कारोबारी की गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने शनिवार 21 नवंबर को ट्रैप कार्रवाई करते हुए अधिकारी के साथ इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम नाली में फेंकने की बात सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद महिला अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।
तीन लाख के स्क्रैप पर 10 लाख की पेनाल्टी की बात
मामले की शुरुआत 18 नवंबर को हुई थी। स्क्रैप से भरी एक गाड़ी को रोकने के बाद कारोबारी मोहम्मद शोएब रंगरेज ने जीएसटी अधिकारी अंचला गिरी पर गंभीर आरोप लगाए। कारोबारी के मुताबिक, वाहन में लदे स्क्रैप के दस्तावेज होने के बावजूद गाड़ी रोक दी गई थी। अधिकारी ने करीब तीन लाख रुपये के स्क्रैप पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही थी।
आरोप है कि गाड़ी छोड़ने और कार्रवाई से बचाने के लिए पहले दो लाख रुपये की मांग की गई। बाद में डेढ़ लाख रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें 50 हजार रुपये पेनाल्टी के रूप में जमा कराने और बाकी एक लाख रुपये अधिकारी के घर पहुंचाने की बात हुई। इसके बाद कारोबारी ने एसीबी से शिकायत कर दी।
टीम पहुंची तो नाली में फेंके नोट
शिकायत की जांच के बाद जगदलपुर एसीबी की टीम ने रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक, 21 नवंबर को कारोबारी रिश्वत की रकम लेकर अंचला गिरी के घर पहुंचा। इसी दौरान एसीबी की टीम ने दबिश दी। आरोप है कि टीम को देखकर इमरान मेमन ने रिश्वत के नोट नाली में फेंक दिए। हालांकि, एसीबी की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
इमरान की भूमिका की भी जांच
एसीबी अधिकारी रमेश कुमार मरकाम के अनुसार, रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से अधिकारी तक पहुंचाई जानी थी। कांकेर के संजयनगर निवासी 30 वर्षीय इमरान की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है। मामले में रिश्वत की मांग से लेकर रकम के लेन-देन तक के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
