मुंबई में अपना पहला घर खरीदना हर कलाकार का सपना (Shreyas Talpade) होता है, लेकिन कई बार आर्थिक प्रक्रियाएं इस सपने को मुश्किल बना देती हैं। अभिनेता श्रेयस तलपड़े के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था। बैंक से बार बार चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें होम लोन की मंजूरी नहीं मिल रही थी।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान श्रेयस ने उस पुराने किस्से का खुलासा किया, जिसमें फराह खान और शाहरुख खान की छोटी सी मदद उनके लिए बड़ी राहत बन गई। अभिनेता ने बताया कि दोनों की वजह से उनका पहला घर खरीदने का सपना पूरा हो सका।
होम लोन के लिए बैंक के काटने पड़े चक्कर Shreyas Talpade
फराह खान अपने व्लॉग के सिलसिले में श्रेयस तलपड़े के घर पहुंची थीं। बातचीत के दौरान श्रेयस ने बताया कि वर्ष 2007 में जब वह अपना पहला घर खरीदना चाहते थे, तब कोई भी बैंक उन्हें होम लोन देने के लिए तैयार नहीं था।
उन्होंने बताया कि वह लगातार बैंक के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन लोन के लिए पात्र नहीं माने जा रहे थे। इसी दौरान बैंक की एक अधिकारी ने उनसे पूछा कि वह इन दिनों किस फिल्म में काम कर रहे हैं।
ओम शांति ओम का मिला सहारा
श्रेयस ने बताया कि उन्होंने बैंक अधिकारी को बताया कि वह ओम शांति ओम फिल्म में काम कर रहे हैं। इसके बाद अधिकारी ने फिल्म के मुख्य कलाकार और निर्देशक के बारे में जानकारी ली।
जब उन्होंने बताया कि फिल्म में शाहरुख खान मुख्य भूमिका में हैं और इसका निर्देशन फराह खान कर रही हैं, तब बैंक की अधिकारी ने उनसे दोनों में से किसी एक का पत्र लाने को कहा।
फराह ने किया फोन, शाहरुख ने दिया पत्र
श्रेयस के मुताबिक उन्होंने तुरंत फराह खान को फोन किया। फराह ने दो दिन के भीतर शाहरुख खान की ओर से हस्ताक्षरित एक पत्र उन्हें उपलब्ध करा दिया। जैसे ही उन्होंने वह पत्र बैंक में जमा किया, उनका होम लोन मंजूर हो गया और मुंबई में अपना पहला घर खरीदने का सपना पूरा हो गया।
फराह ने किया मजाक
यह किस्सा सुनने के बाद फराह खान भी मुस्कुरा उठीं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें खुशी है कि कम से कम ओम शांति ओम की वजह से श्रेयस अपना पहला घर तो खरीद (Shreyas Talpade) पाए, क्योंकि फिल्म के लिए उन्हें बहुत ज्यादा मेहनताना नहीं मिला था।
साल 2007 की सुपरहिट फिल्म थी
ओम शांति ओम का निर्देशन फराह खान ने किया था और यह वर्ष 2007 की सबसे सफल फिल्मों में शामिल रही। फिल्म में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में नजर आए थे। दीपिका की यह पहली फिल्म थी। इसके अलावा अर्जुन रामपाल, श्रेयस तलपड़े और किरण खेर ने भी अहम किरदार निभाए थे।
