पहली बार कव्वाली परफॉर्म करना रोमांचक अनुभव था : Anil Kapoor

मुंबई.  स्टार प्लस के आगामी रियलिटी शो इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। टीजर के बाद अब शो का नया कव्वाली एंथम जारी किया गया है, जिसमें अभिनेता अनिल कपूर का जोशीला और बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। इस एंथम को गणेश आचार्य ने कोरियोग्राफ किया है।

शो के इस खास म्यूजिक वीडियो को लेकर अनिल कपूर ने कहा कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ हर व्यक्ति के सोचने के अलग तरीके का जश्न मनाता है और कव्वाली इसी जीवंतता, ऊर्जा और मनोरंजन को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि एंथम की ऊर्जा इस बात की झलक देती है कि जब 100 प्रतियोगी एक ही मंच पर अपनी रोजमर्रा की सोच को परखेंगे तो शो कितना रोमांचक होने वाला है।

अनिल कपूर ने बताया कि उनके लिए पहली बार कव्वाली परफॉर्म करना नया और रोमांचक अनुभव था। वह चाहते थे कि उनकी प्रस्तुति शो की पहचान और मिजाज से पूरी तरह मेल खाए। उनके मुताबिक, गणेश आचार्य ने इस बात को बखूबी समझा और अपनी खास कोरियोग्राफी शैली के जरिए प्रस्तुति में अलग रंग भर दिया। इससे उनके लिए यह पूरा अनुभव और भी मजेदार बन गया।

इस म्यूजिकल एंथम के लिए स्टार प्लस ने कोरियोग्राफर गणेश आचार्य के साथ सहयोग किया है। जोश और मस्ती से भरपूर यह कव्वाली शो की टैगलाइन बात खटकी तो जीत पक्की को भी नए अंदाज में पेश करती है।

‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण 19 सितंबर से रात 8 बजे स्टार प्लस पर होगा। दर्शक इसे जियोहॉटस्टार पर भी देख सकेंगे। शो का निर्माण बनिजय एशिया ने किया है।

Exit mobile version