Raipur Stadium : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर अचानक लगी रोक, अब इस वजह से नहीं हो सकेंगी खेल गतिविधियां

रायपुर के खेल जगत में शनिवार को उस समय हलचल बढ़ (Raipur Stadium) गई, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई। खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आयोजकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे स्टेडियम की गतिविधियों पर रोक लगाने की नौबत आ गई।

मामला सामने आने के बाद लोगों की नजर अब आगे की कानूनी प्रक्रिया पर टिकी है। जल संरक्षण से जुड़े नियमों को लेकर सख्त रुख अपनाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है, जिससे आने वाले खेल आयोजनों पर भी असर पड़ सकता है।

एनजीटी के आदेश के बाद लगी अंतरिम रोक Raipur Stadium

राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने भूजल के उपयोग और जल संरक्षण नियमों के पालन से जुड़े मामले में रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित तीन बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। अब अधिकरण की अनुमति मिलने तक इन स्टेडियमों में कोई भी खेल आयोजन नहीं कराया जा सकेगा।

रायपुर के अलावा मुंबई के डॉ डी वाई पाटिल स्टेडियम और जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम भी इस आदेश के दायरे में आए हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को तय की गई है।

नोटिस का जवाब नहीं देना पड़ा भारी

अधिकरण के अनुसार केंद्रीय भूजल प्राधिकरण और एनजीटी की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन रायपुर, जयपुर और मुंबई के संबंधित स्टेडियमों ने निर्धारित समय पर अपना जवाब दाखिल नहीं किया। इसी वजह से अंतरिम प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया।

एनजीटी ने यह भी कहा कि देश के कई हिस्सों में जल संकट गहराता जा रहा है। ऐसे में बड़े खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे जल संरक्षण के नियमों का पूरी तरह पालन करें।

जल प्रबंधन व्यवस्था पर भी जताई नाराजगी

सुनवाई के दौरान स्टेडियमों में वर्षा जल संचयन और पानी के पुनर्चक्रण जैसी व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल (Raipur Stadium) उठाए गए। अधिकरण ने माना कि इन व्यवस्थाओं को पर्याप्त स्तर पर विकसित नहीं किया गया है, जिस पर गंभीर चिंता जताई गई।

अप्रैल में मांगी गई थी जानकारी

इस वर्ष अप्रैल में राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले पानी के स्रोत और जल प्रबंधन की पूरी जानकारी मांगी थी।

इनमें रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नई दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम, लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, कटक का बाराबती स्टेडियम, जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम और मुंबई का डॉ डी वाई पाटिल स्टेडियम (Raipur Stadium) शामिल थे। इनमें अरुण जेटली और इकाना स्टेडियम अपना जवाब दे चुके हैं, जबकि बाराबती स्टेडियम ने अतिरिक्त समय मांगा है।

↑
Exit mobile version