रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बंद मकान से एक ही परिवार के पांच सदस्यों (Raipur Family Death) के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
फंदे पर मिला पिता, कमरे में मिले पत्नी और बच्चों के शव
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली (19), बेटी शाहिदा (17) और इरशाबा बेगम (16) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में साजिद अली का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव कमरे में पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक मृतकों के मुंह और नाक से झाग निकल रहा था, जिससे विषाक्त पदार्थ के सेवन (Raipur Family Death) की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
आठ महीने पहले ही किराए के मकान में आया था परिवार
पुलिस के मुताबिक यह परिवार करीब आठ महीने पहले टिकरापारा के संजय नगर (मदनी चौक) स्थित मकान में किराए से रहने आया था।
पड़ोसियों ने बताया कि गुरुवार शाम से घर का दरवाजा अंदर से बंद था। लंबे समय तक कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो एक ही परिवार के पांच शव (Raipur Family Death) मिले।
कर्ज को लेकर रहता था तनाव
जांच में सामने आया है कि साजिद अली मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार पर बैंक और अन्य कर्ज (Raipur Family Death) था। वसूली के लिए रिकवरी एजेंट अक्सर घर पहुंचते थे। आर्थिक तंगी और कर्ज को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसे मौत का कारण नहीं माना है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि एक ही परिवार की संदिग्ध मौत (Raipur Family Death) के मामले में पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
