बारिश का कहर: रायपुर समेत चार संभागों में आज भी भारी बारिश, 27 सितंबर से घटेगी तीव्रता

रायपुर। डीप डिप्रेशन के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ भारी बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर भारी से लेकर अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 11 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को रायपुर, बिलासपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि 27 सितंबर से प्रदेश में बारिश की तीव्रता और इसका फैलाव कम होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण अंदरूनी ओडिशा के ऊपर एक अवदाब बना हुआ है। यह करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके अगले 12 घंटे तक अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। इसके बाद अगले 12 घंटे में इसके कमजोर होकर चिन्हित निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।

कई इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश

पिछले 24 घंटे में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हुई। बस्तर संभाग में बारिश का असर सबसे ज्यादा रहा। जगदलपुर में 25 सेंटीमीटर, लोहंडीगुड़ा में 23, बास्तानार और नानगुर में 22, भनपुरी और मदार्पाल में 21 तथा तोकापाल और माकड़ी में 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके अलावा बस्तर और केशकाल में 19-19, बचेली में 18, देवभोग में 17, कोहकामेटा में 16 तथा अंतागढ़, मैनपुर, धनोरा, अमलीपदर, नारायणपुर, दरभा, ओरछा, बकावंड-बड़े, छिंदगढ़, कोंडागांव और छोटेडोंगर में 15-15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। नेरहरपुर, बड़ेराजपुर, बालोद और कांकेर में 13-13 सेंटीमीटर वर्षा हुई।

आज भी कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक 26 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा के साथ वज्रपात की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में रहने का अनुमान है।

राजधानी में रुक-रुककर बरसेंगे बादल

रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कुछ समय गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने तेज हवा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

↑
Exit mobile version