भटगांव। नगर पंचायत भटगांव के बिर्रा मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई। सीमेंट से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वृद्ध महिला ट्रक के पहिए की चपेट में आ गईं। गंभीर रूप से कुचलने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, वृद्ध दंपती सरायपाली से पवनी गए थे और वहां से बाइक पर वापस सरायपाली लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9 बजे बिर्रा मोड़ स्थित दुर्गा मंदिर के पास सीमेंट से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वृद्ध महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। हादसे में उनका सिर बुरी तरह कुचल गया।
घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची। महिला को बिलाईगढ़ अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक को चांपा की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने चांपा रोड की ओर तलाश की, लेकिन फिलहाल ट्रक और चालक का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। महिला के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। उन्होंने घटना पर नाराजगी जताते हुए चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
बिर्रा मोड़ और बस स्टैंड पर तैनात होंगे पुलिसकर्मी
घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि बिर्रा मोड़ और बस स्टैंड पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कराई जाएगी। साथ ही नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
