रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल को नया मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मिलने जा रहा है। रेलवे बोर्ड ने 27 नवंबर 2026 को जारी आदेश में पृथुल कुमार को रायपुर मंडल का नया डीआरएम नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वे वर्तमान डीआरएम दयानंद का स्थान लेंगे। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
आदेश के अनुसार, पृथुल कुमार वर्तमान में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं। उन्हें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के पद पर पदस्थ करने का निर्णय लिया गया है। उनकी नियुक्ति वर्तमान डीआरएम दयानंद के स्थान पर होगी। दयानंद के संबंध में अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
रेलवे बोर्ड की ओर से जारी आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह नियुक्ति केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण, नई दिल्ली में लंबित मूल आवेदन क्रमांक 1948/2026 के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी। वहीं, नए डीआरएम के कार्यभार संभालने की तारीख की जानकारी बाद में देने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर मंडल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण मंडल है। यहां यात्री ट्रेनों के परिचालन, माल परिवहन, रेलवे स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी डीआरएम के पास होती है। ऐसे में नए डीआरएम की नियुक्ति को रायपुर रेल मंडल के प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
