Mahadev Betting App Case: सौरभ की दुबई में शादी कराने वाले कैटरर-बिल्डर के ठिकानों पर छापा

दिल्ली में कारोबारी के ठिकानों पर ईडी का एक्शन, रायपुर-भिलाई-धमतरी में भी जांच

रायपुर/नवप्रदेश। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस (Mahadev Betting App Case) में ईडी ने दिल्ली के लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है।

जांच के दायरे में पिता-बेटे की 9 कंपनियां भी हैं। राहुल मक्कर ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शाही शादी में कैटरिंग का काम किया था।

प्रवर्तन निदेशालय को शक है कि महादेव सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपए इन लोगों तक पहुंचाए गए। इस रकम को दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किए जाने की आशंका है। यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई। ईडी अब पता लगा रही है कि सट्टे से कमाए गए पैसे किन लोगों और कंपनियों के जरिए आगे भेजे गए और उनका इस्तेमाल कहां किया गया।

इसके अलावा शुक्रवार सुबह ईडी ने रायपुर, भिलाई और धमतरी में एक साथ छापेमारी की है। एजेंसी ने रायपुर में जेल विभाग के वित्त सहायक राजेंद्र सिंह के ठिकानों पर दबिश दी है। हालांकि, ईडी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि ये कार्रवाई किस केस में की गई है।

दिल्ली में यहां पड़े छापे

ईडी की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े दो मकानों (नंबर 149 और 152) की तलाशी ली। इसके अलावा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय की भी जांच की गई। राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर भी छापे मारे गए।
ईडी ने इन ठिकानों से मिले वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों के दस्तावेज और प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात की जांच शुरू की है।

दुबई वाली शादी से जुड़ रहे कारोबार के तार

जांच में राहुल मक्कर की भूमिका भी ईडी के रडार पर है। मक्कर दिल्ली की एक लग्जरी कैटरिंग कंपनी के फाउंडर हैं। उसकी कंपनी भारत के अलावा दुबई और बाली में भी काम करती है। ईडी के मुताबिक, 2023 में यूएई में हुई सौरभ चंद्राकर की शादी में कैटरिंग की जिम्मेदारी इसी कंपनी ने संभाली थी। जांच एजेंसी राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी और वित्तीय संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। छपरिया को सौरभ चंद्राकर का करीबी सहयोगी और सट्टे के पैसों का फाइनेंस मैनेजमेंट संभालने वाला अहम व्यक्ति बताया जाता है। ईडी जांच कर रही है कि इन कारोबारी रिश्तों के जरिए सट्टे से कमाए गए पैसों को अलग-अलग कारोबारों में निवेश तो नहीं किया गया।

↑
Exit mobile version