छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम लोगों की चिंता और बढ़ा (Petrol Price) दी है। सोमवार सुबह जैसे ही नए रेट सामने आए, कई शहरों में लोग पेट्रोल पंपों पर कीमतों को लेकर चर्चा करते नजर आए। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बढ़ोतरी के बाद वाहन चालकों की जेब पर दबाव साफ दिखाई देने लगा है।
राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में इस महीने चौथी बार फ्यूल के दाम बढ़ाए गए हैं। हालात ऐसे हैं कि प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल की कीमत 109 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। बढ़ती कीमतों के बीच लोगों में नाराजगी भी दिखाई देने लगी है।
रायपुर में पेट्रोल पहुंचा 107 रुपए के करीब
नई दरों के अनुसार रायपुर में पेट्रोल की कीमत 107 रुपए 96 पैसे प्रति लीटर दर्ज की गई है। इससे पहले भी इस महीने अलग अलग तारीखों में लगातार दाम बढ़ाए जा चुके हैं। 15 मई को 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद 19 मई और 23 मई को भी कीमतों में इजाफा किया गया। अब एक बार फिर नई बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
कई जिलों में 109 रुपए के पार पहुंचा पेट्रोल
प्रदेश के बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में पेट्रोल सबसे ज्यादा महंगा बिक रहा है। नारायणपुर में पेट्रोल की कीमत 109 रुपए 65 पैसे प्रति लीटर दर्ज की गई है। जगदलपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे जिलों में भी पेट्रोल 109 रुपए प्रति लीटर से ऊपर पहुंच चुका है। वहीं जशपुर, सूरजपुर और अंबिकापुर में भी कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।
कोरबा में सबसे कम कीमत
प्रदेश में सबसे कम पेट्रोल कीमत कोरबा में दर्ज की गई है जहां पेट्रोल 107 रुपए 63 पैसे प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा जांजगीर, कवर्धा और रायगढ़ में भी बाकी जिलों की तुलना में कुछ राहत देखने को मिली है। हालांकि लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण इन शहरों में भी लोगों की चिंता कम नहीं हुई है।
ब्लैक मार्केटिंग रोकने प्रशासन अलर्ट
फ्यूल संकट और बढ़ती कीमतों के बीच प्रशासन भी अलर्ट मोड में दिखाई दे रहा है। रायपुर प्रशासन ने पेट्रोल डीजल की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
अधिकारियों ने कहा है कि अगर कहीं अधिक कीमत वसूली या अवैध बिक्री की जानकारी मिले तो लोग शिकायत दर्ज करा सकते हैं। हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के बाद कई पंपों पर लंबी लाइनें भी देखने को मिली थीं।
कच्चे तेल की कीमतों का असर
जानकारों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने का सीधा असर भारत में पेट्रोल डीजल के दामों पर पड़ रहा है बताया जा रहा है कि वैश्विक तनाव बढ़ने के बाद क्रूड ऑयल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। इसके कारण तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा और अब उसकी भरपाई कीमतें बढ़ाकर की जा रही है।
