स्टेशन पर बदली दोपहिया पार्किंग, अब एक्सप्रेसवे के पास मिलेगी सुविधा

रायपुर। रायपुर रेलवे स्टेशन के शहर साइड में चल रहे स्टेशन पुनर्विकास और निर्माण कार्यों के चलते आरक्षण केंद्र के पास स्थित दोपहिया पार्किंग स्थल को स्थानांतरित कर दिया गया है। अब यात्रियों के लिए एक्सप्रेसवे के पास दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करने की अपील की है।

आरक्षण केंद्र के समीप स्थित दोपहिया पार्किंग को निर्माण कार्य के मद्देनजर हटाया गया है। यात्रियों की सुविधा और स्टेशन परिसर में आवागमन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक्सप्रेसवे के पास नया पार्किंग स्थल उपलब्ध कराया गया है। यहां दोपहिया के साथ चारपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा भी रहेगी।

रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि वे स्टेशन परिसर या अन्य अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करें। इससे स्टेशन के आसपास यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी और निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी नहीं होगी।

इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए गुढ़ियारी साइड में भी पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है। रेलवे ने पार्किंग का उपयोग करने वाले यात्रियों से निर्धारित दर के अनुसार ही शुल्क का भुगतान करने को कहा है। साथ ही स्टेशन परिसर में लगाए गए संकेतकों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

↑
Exit mobile version