- कहीं जमीन शून्य तो कहीं खसरा नदारद
- पिछले वर्षों में सैकड़ों क्विंटल बेचने वालों की पात्रता 70 क्विंटल तक सिमटी
- कांग्रेस ने खरीदी केंद्रों पर निगरानी के लिए समितियां गठित कीं
नव प्रदेश विशेष…
जगदलपुर/नवप्रदेश। खेतों में धान तैयार है, किसान खलिहानों से उपज खरीदी केंद्र तक पहुंचाने की तैयारी में हैं, लेकिन कई किसानों के लिए धान बेचने से पहले सरकारी रिकॉर्ड (Paddy Procurement Issues) दुरुस्त कराना ही सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। कहीं ऑनलाइन पोर्टल पर रकबा शून्य दिखाई दे रहा है तो कहीं खसरा नंबर गायब है। बस्तर जिले के बड़े मारेंगा क्षेत्र में करीब 400 से 500 किसानों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी की शिकायत ने धान खरीदी की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमीन के दस्तावेज होने के बावजूद किसान अपनी धान बेचने की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
ग्राम तेलीमारेंगा के किसान सोमारू कश्यप ने भी रकबा (Paddy Procurement Issues) सुधारने के लिए तहसीलदार को आवेदन दिया है। उनके अनुसार तीन खसरों में कुल 11.17 हेक्टेयर जमीन है और एग्रीस्टैक में पंजीयन भी कराया गया है, लेकिन धान विक्रय रिकॉर्ड में वास्तविक रकबा प्रदर्शित नहीं हो रहा। दस्तावेज और पंजीयन मौजूद होने के बाद भी रकबा ऑनलाइन दर्ज नहीं होना किसानों की परेशानी बढ़ा रहा है।
तोकापाल जनपद सदस्य डिकेश नाग ने रकबा शून्य (Paddy Procurement Issues) दिखने की समस्या पर प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि धान बेचने के समय ऑनलाइन रिकॉर्ड में गड़बड़ी किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन जाती है। हर खरीदी सीजन में अस्थायी सुधार के बजाय राजस्व रिकॉर्ड और पोर्टल के आंकड़ों में एकरूपता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसानों को बार-बार इस परेशानी से न गुजरना पड़े।
इस खरीफ विपणन वर्ष में प्रदेश सरकार ने 15 नवंबर से 15 जनवरी तक धान खरीदी निर्धारित की है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल खरीदी की पात्रता के बीच एग्रीस्टैक किसान पहचान पत्र, खसरा मैपिंग और डिजिटल फसल सर्वे को आधार बनाया गया है। ऐसे में रिकॉर्ड में रकबा कम या शून्य होने का सीधा असर किसान की धान बेचने की पात्रता पर पड़ सकता है।
500 किसानों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी
तोकापाल तहसील के बड़े मारेंगा क्षेत्र में किसानों के राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टल के आंकड़ों में अंतर सामने आया है। किसी का रकबा शून्य दर्ज है तो किसी के खसरा नंबर ऑनलाइन दिखाई नहीं दे रहे। किसानों का कहना है कि पिछले वर्षों में 300 से 500 क्विंटल तक धान बेचने के बावजूद इस बार ऑनलाइन पात्रता महज 70 क्विंटल तक सीमित हो गई है। इससे खरीदी व्यवस्था में डिजिटल रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
खरीदी केंद्रों पर कांग्रेस की निगरानी
किसानों की समस्याओं और खरीदी व्यवस्था पर नजर रखने के लिए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर ने निगरानी समितियां गठित की हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य के अनुमोदन और किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दयाराम कश्यप की सहमति से विभिन्न धान खरीदी केंद्रों एवं लेम्प्स के लिए सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लगभग 2 दर्जन खरीदी केंद्र निगरानी के दायरे में
21 नवंबर को जारी आदेश में बड़े मारेंगा,हाटपदमूर,नगरनार, करनपुर,माईपाल,बिरसागुड़ा,गरावण्ड कला,हल्बा कचोरा, बाबूसेमर,नानगुर,पुषपाल,बड़े मुरमा,जमावाड़ा,सरगीपाल, कुंरन्दी,पल्लीगांव,दरभा,नेगानार और चिंगपाल सहित विभिन्न केंद्रों को निगरानी के दायरे में रखा गया है। समितियां खरीदी केंद्रों की गतिविधियों और किसानों की समस्याओं की जानकारी जुटाकर संबंधित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के माध्यम से जिला कांग्रेस कार्यालय तक पहुंचाएंगी।
रिकॉर्ड संबंधी गड़बड़ियों का समय रहते निराकरण आवश्यक
बस्तर जिले में 88 खरीदी केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की तैयारी है। जिले के 51,068 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिनका पंजीकृत रकबा 67,538 हेक्टेयर से अधिक है। इतने बड़े दायरे में रिकॉर्ड संबंधी गड़बड़ियों का समय रहते निराकरण नहीं हुआ तो किसानों को खरीदी के दौरान परेशानी उठानी पड़ सकती है।
जमीन के रिकॉर्ड दुरुस्त कराने में उलझे किसान
फसल तैयार होने के बाद किसान अब अपनी जमीन के रिकॉर्ड दुरुस्त कराने में उलझे हैं। सवाल यह है कि दस्तावेजों के आधार पर रकबा सुधारने की जिम्मेदारी प्रशासन कब निभाएगा, ताकि किसान को अपनी ही जमीन पर उगाए धान को बेचने के लिए सरकारी रिकॉर्ड के सामने बार-बार अपनी पात्रता साबित न करनी पड़े।
साफ्टवेयर में तकनीकी गड़बड़ी किसानों के लिए बनी रही मुसीबत
तकनीकी गड़बड़ी के कारण जिन किसानों का खसरा साफ्टवेयर में नही दिखा रहा था,शिकायत विभिन्न लेम्प्स से हुई थी उन-उन केम्पस में नया एप से खसरा में सुधार किया जा रहा है। माड़पाल गरावन्द कला ग्राम के कई सारे किसानों का खसरा गायब दिखा रहा ने एप के माध्यम सभी किसानों का खसरा जुड़ गया।
श्रीनिवास मिश्रा,उपाध्यक्ष, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक
