Bastar Fighter: बस्तर फाइटर भर्ती में जिलेवार भेदभाव के खिलाफ युवाओं का प्रदर्शन

अनिल सामंत

जगदलपुर/नवप्रदेश। बस्तर फाइटर (Bastar Fighter) भर्ती में संभाग के सातों जिलों को समान अवसर और पदों में एकरूपता देने की मांग को लेकर सोमवार को बस्तरिया राज मोर्चा के नेतृत्व में युवाओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक विधायक की ओर से उनकी मांगों पर आश्वासन नहीं मिलता, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।

युवाओं (Bastar Fighter) का कहना था कि सुकमा में 375, बीजापुर में 417 और नारायणपुर में 383 पदों पर भर्ती निर्धारित की गई है, जबकि बस्तर में 79,कोंडागांव में 81 और कांकेर में 125 पद ही रखे गए हैं। दंतेवाड़ा में भी 128 पद निर्धारित हैं। प्रदर्शनकारियों ने भर्ती में पदों के असमान वितरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि संभाग के सभी सातों जिलों के युवाओं को समान अवसर मिलना चाहिए। उनका आरोप था कि दक्षिण बस्तर के जिलों में रिक्त पदों के मुकाबले भर्ती का प्रतिशत अधिक रखा गया है, जबकि दूसरे जिलों में कम पदों का सृजन किया गया है।

मोबाइल पर विधायक से चर्चा की मांग

किरण सिंह देव के जगदलपुर में मौजूद नहीं रहने के कारण प्रदर्शनकारी (Bastar Fighter) उनसे मोबाइल पर बातचीत कराने की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने विधायक निवास के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। एसडीएम मनीष वर्मा,तहसीलदार राहुल गुप्ता,सीएसपी अंशिका जैन,डीएसपी चेरमेको सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। कोतवाली टीआई लीलाधर राठौर,परपा टीआई भोला सिंह राजपूत और बस्तर टीआई संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सुरक्षा बल तैनात रहे।

दिनभर बंद रहा नयापारा मार्ग

विधायक निवास की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों किनारों पर बैरिकेडिंग के कारण नयापारा मार्ग पर आवागमन करीब दिनभर प्रभावित रहा। वाहनों को दूसरे रास्तों से गुजरना पड़ा। प्रदर्शनकारियों की मांग और विधायक से बातचीत को लेकर गतिरोध बना रहा।

विधायक के निज सचिव के आश्वासन पर प्रदर्शन स्थगित

विधायक के निज सचिव के लिखित आश्वासन के कि जब भी विधायक शहर प्रवास पर रहेंगे बस्तर फाइटर के युवाओं से उनकी मुलाकात कराएंगे। तब जाकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने आंदोलन को स्थगित किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे मोतीराम ने बताया विधायक से हमे उचित आश्वासन नही मिलता तो आंदोलन दुबारा करने पर बाध्य होंगे।

↑
Exit mobile version