Paddy Procurement Inspection : ओड़िशा सीमावर्ती धान खरीदी केंद्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, किसानों से की सीधी बात

ओड़िशा सीमा से लगे क्षेत्रों में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड अंतर्गत सरिया तहसील के लुकापारा और सांकरा धान खरीदी केंद्रों का कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने औचक निरीक्षण (Paddy Procurement Inspection) किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी की व्यवस्था, टोकन की स्थिति, गेट पास और तौल प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी ली।

लुकापारा धान खरीदी केंद्र में केंद्र प्रभारी ने कलेक्टर को बताया कि वर्तमान में कुल 48 किसानों के टोकन कट चुके हैं और गेट पास की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी कर ली गई है। पिछले वर्ष इस केंद्र में 1607 किसानों का पंजीयन था, जबकि इस वर्ष 1640 किसान पंजीकृत किए गए हैं। इस प्रकार 37 किसानों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। पटवारी ने बताया कि भूमि बंटवारे की प्रक्रिया के कारण किसानों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद किया और धान खरीदी से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी ली। लुकापारा निवासी किसान चिन्नी राम ने बताया कि उनके पास लगभग 30 एकड़ भूमि है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष भी धान की पैदावार अच्छी रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक 172 क्विंटल धान की बिक्री कर चुके हैं। जून माह में खेती करने के बाद बारिश कम होने से फसल जल्दी पक गई और समय पर कटाई होने से उत्पादन बेहतर हुआ।

इसके बाद कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सांकरा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां किसान जागेंद्र ने बताया कि उनके पास 11 एकड़ भूमि है और इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने के कारण पिछले साल की तुलना में अधिक धान का उत्पादन हुआ है।

वहीं किसान सूरज साहू ने बताया कि उनके पास 5 एकड़ भूमि है और उन्होंने लगभग 88 क्विंटल धान की बिक्री की है। तौल व्यवस्था के संबंध में पूछे जाने पर किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा कि तौल सही तरीके से की जा रही है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि धान खरीदी केंद्रों पर केवल स्थानीय और वास्तविक किसानों का ही धान खरीदा जाए। दूसरे राज्य का धान किसी भी स्थिति में केंद्रों पर नहीं आना चाहिए।

ओड़िशा बॉर्डर से लगे होने के कारण चेक पोस्ट पर 24 घंटे निगरानी (Border Check Post Monitoring) रखने और हर समय कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर ने दो टूक कहा कि बाहरी कोचियों का धान खरीदते पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Exit mobile version