National Games: डीएवी नेशनल गेम्स में अर्पित धारा का जलवा, पांच पदक जीतकर बढ़ाया बिलासपुर का मान

400 मीटर फ्रीस्टाइल में स्वर्ण, चार स्पर्धाओं में रजत पदक हासिल कर रचा इतिहास

बिलासपुर। दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स 2026-27 (National Games) में बिलासपुर के डीएवी स्कूल वसंत विहार के छात्र अर्पित धारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच पदक अपने नाम किए हैं। तैराकी प्रतियोगिता में अर्पित ने एक स्वर्ण और चार रजत पदक जीतकर न केवल विद्यालय, बल्कि शहर का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है।
डीएवी नेशनल गेम्स का आयोजन 24 से 27 अक्टूबर 2026 तक दिल्ली में किया गया। इसमें देशभर के डीएवी विद्यालयों के खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। डीएवी स्कूल वसंत विहार, बिलासपुर में कक्षा 12वीं के छात्र अर्पित धारा ने तैराकी की पांच स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

अर्पित ने 400 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी (National Games) में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा 1500 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में रजत पदक जीतकर अपनी सफलता का परचम लहराया।

एक ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता (National Games) में पांच पदक जीतना अर्पित की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष जताते हुए उन्हें बधाई दी है। शिक्षकों ने कहा कि अर्पित की सफलता दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना उनकी लगन और प्रतिभा को दर्शाता है।

↑
Exit mobile version