MP CM Betul Visit : मुख्यमंत्री मोहन पहंचे बैतुल, कुकरू को पर्यटन हब बनाने की घोषणा

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को बैतूल (MP CM Betul Visit) जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे। उन्होंने यहां स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनकी आजीविका गतिविधियों का अवलोकन किया, ग्रामीणों से संवाद किया और कुकरू को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना

मुख्यमंत्री ने कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित मावा, रबड़ी और श्रीखंड निर्माण गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनकी आय, रोजगार और सरकारी योजनाओं से मिले सहयोग की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने समूह द्वारा तैयार मावा और रबड़ी का स्वाद भी लिया।

समूह की अध्यक्ष शोभा गायने ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत समूह को सीसीएल से 3 लाख रुपये, सीआईएफ से 1 लाख रुपये, आरएफ से 11 हजार रुपये तथा पीएमएफएमई योजना के तहत 40 हजार रुपये की सहायता मिली है। वर्तमान में समूह की 11 महिलाएं पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मावा, रबड़ी, श्रीखंड निर्माण और कृषि कार्य से जुड़ी हैं तथा प्रत्येक सदस्य को प्रतिमाह लगभग 15 से 18 हजार रुपये की आय हो रही है।

महिला सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (MP CM Betul Visit) ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं के स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।

कुकरू को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी

मुख्यमंत्री (MP CM Betul Visit) ने कुकरू स्थित सिपना सनसेट पॉइंट का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि कुकरू में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं और इसे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुकरू का विकास केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।

MP CM Betul Visit ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

मुख्यमंत्री (MP CM Betul Visit) ने रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र के विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया। ग्रामीणों और महिलाओं ने उन्हें बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के कारण उनके जीवन स्तर में पहले की तुलना में उल्लेखनीय सुधार आया है।

↑
Exit mobile version