Monsoon Farming CG: मानसून की दस्तक के साथ प्रदेश में खेती-किसानी ने पकड़ी रफ्तार, 4.77 लाख हेक्टेयर में हुई बोनी

रायपुर, 02 जुलाई 2026। प्रदेश में मानसून की दस्तक के साथ ही खरीफ सीजन की खेती-किसानी ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में अब तक 4.77 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में लक्ष्य का लगभग 10 प्रतिशत बोनी का कार्य पूरा हो चुका है। इस खरीफ सीजन में राज्य सरकार ने 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को किसानों को खेती-किसानी के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को उनकी मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद-बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने, सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण रखने और वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग लगातार इसकी निगरानी कर रहा है।

4.77 लाख हेक्टेयर में बोनी, 48.69 लाख हेक्टेयर का लक्ष्य

कृषि विभाग के अनुसार राज्य में अब तक धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली, रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की बोनी तेजी से जारी है। अब तक लक्ष्य का लगभग 10 प्रतिशत क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में बोनी का रकबा तेजी से बढ़ेगा।

7.28 लाख मीट्रिक टन खाद और 3.09 लाख क्विंटल बीज का वितरण

प्रदेश के किसानों को अब तक 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। खरीफ 2026 के लिए बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 4.30 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है। अब तक लक्ष्य का 62 प्रतिशत बीज किसानों तक पहुंचाया जा चुका है। वहीं उर्वरक वितरण के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है, जिसके विरुद्ध 13.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इसमें से 7.28 लाख मीट्रिक टन यानी लगभग 47 प्रतिशत उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है।

प्रदेश में अब तक 96.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 2 जुलाई 2026 तक प्रदेश में औसतन 96.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। मानसून की सक्रियता के कारण खेती-किसानी के कार्यों में लगातार तेजी आ रही है और किसान खेतों में बोनी में जुटे हुए हैं।

किसानों को 5525 करोड़ रुपये का कृषि ऋण

राज्य सरकार किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध करा रही है। 30 जून 2026 तक किसानों को 5525 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 4517 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया था। इस वर्ष किसानों को 8800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

Exit mobile version