संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले केंद्र की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि जुलाई के तीसरे सप्ताह से पहले मोदी सरकार में फेरबदल और विस्तार हो सकता है (Modi 3.0 Cabinet Expansion)। मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद एल मुरुगन को हाल ही में भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में दोबारा मौका नहीं दिया है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे केंद्र सरकार से बाहर हो सकते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि उनकी जगह किसे मौका मिलेगा।
राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। अगले वर्ष उत्तर प्रदेश और पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है।
हाल ही में मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचित सांसदों में कुछ नाम चर्चा में हैं। वरिष्ठता, संगठन में पकड़ और राजनीतिक अनुभव के आधार पर तरुण चुघ का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। वहीं युवा चेहरे के रूप में रजनीश अग्रवाल को भी संभावित दावेदार माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि व्यापारी वर्ग और शहरी मतदाताओं के बीच पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तहत पार्टी नए चेहरों को अवसर दे सकती है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा किसी अनुसूचित जाति या ब्राह्मण चेहरे को भी मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। इसी संदर्भ में मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा का नाम भी चर्चा में है। पार्टी संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और लगातार चुनावी सफलताओं को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
आदिवासी नेतृत्व को प्रतिनिधित्व देने की दृष्टि से मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि भाजपा आदिवासी मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए इस वर्ग को प्राथमिकता दे सकती है।
महिला प्रतिनिधित्व को लेकर भी चर्चाएं जारी हैं। मध्यप्रदेश से वर्तमान में छह महिला सांसद लोकसभा में पहुंची हैं। इनमें भिंड से सांसद संध्या राय का नाम भी संभावित दावेदारों में लिया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अनुसूचित जाति वर्ग और महिला प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए पार्टी उन्हें मौका दे सकती है।
वर्तमान में मोदी सरकार में मध्यप्रदेश से छह मंत्री शामिल हैं। इनमें शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और डॉ. वीरेंद्र कुमार कैबिनेट मंत्री हैं, जबकि सावित्री ठाकुर, दुर्गादास उइके और एल मुरुगन राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि इस महीने के अंत तक या अगले महीने की शुरुआत में मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। पंजाब के राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए तरुण चुघ को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अभी तक भाजपा या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल सभी चर्चाएं राजनीतिक अटकलों और संभावनाओं पर आधारित हैं (Modi 3.0 Cabinet Expansion)।
