रायपुर। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में खनिज माफिया (Mining Mafia) के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग ने पिछले पांच दिनों तक संदिग्ध क्षेत्रों में सघन छापामार अभियान चलाकर आठ क्रशर एवं भंडारण परिसरों के साथ एक माइंस को सील कर दिया। वहीं अवैध खनिज परिवहन करते पाए गए 10 वाहनों को भी जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
आठ क्रशर और भंडारण परिसर सील Mining Mafia
निरीक्षण के दौरान सारंगढ़, सरिया और बरमकेला तहसील में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर खनिज माफिया (Mining Mafia) के खिलाफ ‘छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम, 2009’ के तहत आठ स्वीकृत भंडारण एवं क्रशर परिसरों को जब्त कर सील कर दिया गया। कार्रवाई मेसर्स सिंघल क्रशर उद्योग (प्रो. गोपाल प्रसाद अग्रवाल), मेसर्स गणपति ग्रामोद्योग (प्रो. रमेश छपारिया), मेसर्स जय मां शारदा मिनरल्स (प्रो. हिमांशु अग्रवाल), मेसर्स मंगल क्रशर उद्योग (प्रो. दीपक अग्रवाल), मेसर्स श्री सालासर इंटरप्राइजेस (प्रो. प्राची बेरीवाल), मेसर्स हरिओम मिनरल्स (प्रो. शत्रुघन लाल अग्रवाल), मेसर्स मां अंबे स्टोन क्रशर (प्रो. निरजा अग्रवाल) तथा मेसर्स श्री श्याम मिनरल्स (प्रो. पूनम देवी अग्रवाल) पर की गई।
पर्यावरण नियमों के उल्लंघन पर माइंस भी सील
गुड़ेली स्थित मेसर्स बाबा मिनरल्स (प्रो. राजेश अग्रवाल) की स्वीकृत उत्खनन पट्टा (माइंस) पर भी कार्रवाई की गई। जांच में ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015’ तथा पर्यावरण स्वीकृति की शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर माइंस को तत्काल प्रभाव से जब्त कर सील कर दिया गया। सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। खनिज माफिया (Mining Mafia) पर शिकंजा कसने के लिए विभाग ने आगे भी निगरानी बढ़ाने की बात कही है।
अवैध परिवहन करते 10 वाहन जब्त
सरिया तहसील में खनिज विभाग की टीम ने सड़क पर जांच अभियान चलाकर गौण खनिज डोलोमाइट का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा (CG-13-AX-0311 एवं CG-13-BK-5842) और साधारण रेत का अवैध परिवहन कर रहे आठ ट्रैक्टर जब्त किए। सभी 10 वाहनों के विरुद्ध ‘छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015’ तथा ‘खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957’ की धारा-21 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षा की दृष्टि से सरिया थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज माफिया (Mining Mafia) और प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
