छत्तीसगढ़ में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होने (Medical Colleges) जा रहा है। नेशनल मेडिकल कमीशन ने राज्य के पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद दंतेवाड़ा के गीदम, जांजगीर, मनेंद्रगढ़, जशपुर के कुनकुरी और कबीरधाम में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
एनएमसी ने शैक्षणिक सत्र 2026 27 के लिए आवश्यक मानकों और शर्तों के आधार पर प्रत्येक कॉलेज में 50 एमबीबीएस सीटों की प्रारंभिक अनुमति दी है। इससे राज्य में मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
दूसरी बार निरीक्षण के बाद मिली मंजूरी Medical Colleges
बताया गया कि शुरुआती निरीक्षण के दौरान एनएमसी ने इन मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी नहीं दी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने आयोग के समक्ष अपील की। अपील पर दोबारा निरीक्षण किया गया और सभी जरूरी मानकों की समीक्षा के बाद पांचों मेडिकल कॉलेजों को अनुमति पत्र जारी कर दिया गया।
कबीरधाम मेडिकल कॉलेज को भी मिली स्वीकृति
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय के अंतर्गत प्रस्तावित सरकारी मेडिकल कॉलेज कबीरधाम को भी 50 एमबीबीएस सीटों के साथ स्थापना की मंजूरी मिली है। चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम 2019 और संबंधित नियमों के तहत अनुमति पत्र जारी किया है।
इन शर्तों का करना होगा पालन Medical Colleges
एनएमसी ने स्पष्ट किया है कि सभी संस्थानों को भवन, अस्पताल, फैकल्टी, उपकरण, क्लिनिकल सुविधाओं और अन्य आवश्यक संसाधनों के तय मानकों को लगातार बनाए रखना होगा। यदि किसी भी स्तर पर गलत जानकारी, फर्जी दस्तावेज या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो अनुमति वापस ली जा सकती है।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों को अग्नि सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संबंधी सभी वैधानिक नियमों का पालन (Medical Colleges) करना होगा। साथ ही संस्थानों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फैकल्टी, सीटों, अस्पताल सेवाओं और अन्य जरूरी जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध करानी होगी।
