शोएब ढेबर को विदेश भागने से रोकने लुकआउट सर्कुलर जारी

रायपुर। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा और उनके परिवार को कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और झारखंड में मारे गए गैंगस्टर अमन साव के गिरोह के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगने के मामले में फरार आरोपी शोएब ढेबर की तलाश तेज कर दी गई है। आरोपी को विदेश भागने से रोकने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया है। वहीं, उसकी गिरफ्तारी पर डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश में भी आरोपी की तलाश कर रही है।

मोबाइल और सिम के आधार पर हुई थी गिरफ्तारी

कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा ने 14 सितंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, एक अज्ञात कॉलर ने उनसे प्रोटेक्शन मनी की मांग करते हुए धमकी दी थी। पुलिस ने मोबाइल सिम और फोन के आईएमईआई नंबर के आधार पर जांच करते हुए शोएब ढेबर को गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में न्यायालय से जमानत मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

अदालत में पहचान से इनकार के बाद मिली थी जमानत

पुलिस सूत्रों के अनुसार, 27 सितंबर को आरोपी को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में पेश किया गया था। इस दौरान जिस व्यक्ति को आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना दिए जाने की बात सामने आई, उसने अदालत में शोएब ढेबर को पहचानने से इनकार कर दिया। इसी आधार पर गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए आरोपी को जमानत मिल गई। इसके अगले दिन पुलिस ने आदेश के खिलाफ अपील की और आरोपी के विरुद्ध दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी कराया। पुलिस टीम जब उसके घर, होटल और अन्य संभावित ठिकानों पर पहुंची, तब तक वह फरार हो चुका था।

फरार होने की परिस्थितियों की जांच

आरोपी के फरार होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए गृह विभाग ने पुलिस से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जमानत मिलने के बाद आरोपी किन परिस्थितियों में फरार हुआ और उसे पकड़ने में कहां चूक हुई। पुलिस आरोपी के रिश्तेदारों और परिचितों से जुड़े संपर्कों पर भी तकनीकी निगरानी रख रही है। आशंका है कि वह रायपुर में अपने कुछ संपर्कों के माध्यम से मदद लेने की कोशिश कर सकता है।

शोएब ढेबर, अनवर ढेबर का पुत्र बताया गया है। पुलिस के अनुसार, ढेबर परिवार को भी गिरोह के नाम पर धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में मामले की जांच और आरोपी की तलाश में सतर्कता बरती जा रही है।

एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ मांगने की शिकायत

रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने भी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह के नाम पर फोन कर 50 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी मांगने की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ढेबर परिवार को अंतरराष्ट्रीय कॉल के माध्यम से धमकी दिए जाने की जानकारी मिली है। जांच के दौरान कॉल करने वाले व्यक्ति के संबंध में कुछ अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया जा रहा है। इन जानकारियों से गृह विभाग को भी अवगत कराया गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस जांच के संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

↑
Exit mobile version