रायपुर. सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा मिल गई है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सेवा संकल्प अभियान के तहत एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। एंबुलेंस की उपलब्धता से गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता मिलेगी। साथ ही, जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने एंबुलेंस की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर में आयोजित इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजवाड़े ने लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस की मांग रखी थी, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन श्री बाबूलाल अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
