कोरबा। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक फैक्ट्री के भीतर अचानक जोरदार धमाके की आवाज (Korba Factory Fire) सुनाई दी। कुछ ही क्षणों में आसमान में काला धुआं फैल गया और आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। धमाके के वक्त अंदर काम कर रहे मजदूर जान बचाने के लिए बाहर की ओर दौड़ पड़े। घटना की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने दूर से उठते धुएं के गुबार और तेज लपटों को देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक टीमें तत्काल घटनास्थल पहुंचीं। सुरक्षा को देखते हुए आसपास का इलाका खाली कराया गया और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।
बॉयलर में धमाके के बाद फैली आग Korba Factory Fire
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर में तेज विस्फोट हुआ। धमाके के बाद आग तेजी से फैक्ट्री के बड़े हिस्से में फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया।
मजदूरों ने भागकर बचाई अपनी जान
घटना के समय फैक्ट्री के भीतर काम चल रहा था। धमाका होते ही वहां मौजूद मजदूर तत्काल बाहर निकल गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। प्रशासन के मुताबिक फिलहाल किसी मजदूर के हताहत होने की सूचना नहीं है।
ट्रक भी आग की चपेट में आया
फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक भी आग की चपेट में आ गया। इससे आग और तेजी से फैलने लगी। आग पर काबू पाने के लिए नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की कई दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया है। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
पूरे इलाके को किया गया सील Korba Factory Fire
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि सभी मजदूर सुरक्षित हैं और प्राथमिकता जल्द से जल्द आग पर नियंत्रण (Korba Factory Fire) पाने की है। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए फैक्ट्री के आसपास का क्षेत्र सील कर दिया गया है। आम लोगों और वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है तथा बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया है।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए। पुलिस लगातार लोगों को सुरक्षा घेरे से दूर रहने की अपील कर रही है और अतिरिक्त बल तैनात (Korba Factory Fire) किया गया है। फिलहाल प्रारंभिक जांच में बॉयलर विस्फोट के बाद आग लगने की बात सामने आई है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
