Kangana Ranaut Marriage : कंगना रनौत का शादीशुदा लुक वायरल, मंगलसूत्र और हरी चूड़ियों में दिखीं अभिनेत्री

हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका नया लुक बना है, जिसने इंटरनेट पर हलचल मचा दी है। कंगना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह शादीशुदा महिला के अंदाज में नजर आ रही हैं। गले में मंगलसूत्र, माथे पर बिंदी और हाथों में हरी चूड़ियां पहने कंगना को देखकर फैंस हैरान रह गए हैं और सोशल मीडिया पर लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि क्या अभिनेत्री ने गुपचुप शादी कर ली है।

वायरल वीडियो में कंगना रनौत को एक बिल्डिंग से बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। वह सीधे अपनी कार की ओर बढ़ती नजर आती हैं, जबकि उनकी सुरक्षा टीम चारों तरफ से उन्हें घेरे रहती है। इस दौरान कंगना ने हल्के गुलाबी रंग का सूट पहन रखा है। सिंपल और ट्रेडिशनल लुक में वह काफी अलग नजर आ रही हैं। माथे की बिंदी, गले का मंगलसूत्र और हाथों की हरी चूड़ियों ने उनके इस अंदाज को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, फैंस के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स लगातार उनकी शादी को लेकर सवाल पूछते नजर आए। एक यूजर ने लिखा, “गले में मंगलसूत्र? क्या कंगना ने शादी कर ली?” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “क्या चुपके से शादी हो गई?” कुछ लोगों ने अंदाजा लगाया कि शायद यह किसी फिल्म की शूटिंग का हिस्सा हो सकता है।

हालांकि अब इस वायरल लुक को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो चुकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंगना रनौत ने कोई गुप्त शादी नहीं की है। बताया जा रहा है कि उनका यह लुक उनकी आने वाली फिल्म ‘तनु वेड्स मनु 3’ की शूटिंग का हिस्सा है। फिल्म का निर्देशन आनंद एल राय कर रहे हैं।

खास बात यह है कि इस फिल्म में एक बार फिर कंगना रनौत और आर माधवन की जोड़ी देखने को मिलेगी। इससे पहले ‘तनु वेड्स मनु’ और ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ को दर्शकों ने जबरदस्त प्यार दिया था। ऐसे में तीसरे भाग को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्साह बना हुआ है। कंगना रनौत का यह वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी नई फिल्म को लेकर भी उत्सुक नजर आ रहे हैं।

Exit mobile version