रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में 33 करोड़ 78 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने एक उच्चस्तरीय पुल और दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया, वहीं चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार सड़क, पुल-पुलिया और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को दूरस्थ ग्रामीण अंचलों तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में आवागमन की परेशानी दूर होगी और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा व्यापार के लिए आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
डोड़की नदी पर 6.55 करोड़ का पुल जनता को समर्पित
मुख्यमंत्री ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इससे आसपास के करीब 10 गांवों की 7,471 आबादी को लाभ मिलेगा।
22.77 करोड़ से बनेंगे चार नए पुल
मुख्यमंत्री ने चार नए उच्चस्तरीय पुलों एवं पहुंच मार्गों का भूमिपूजन किया। इनमें बोलजोरा में 4.47 करोड़ रुपये की लागत से 92 मीटर लंबा पुल, चंपाझरिया में 4.46 करोड़ रुपये की लागत से 100 मीटर लंबा पुल, सिंधु नाला में 2.55 करोड़ रुपये की लागत से 63 मीटर लंबा पुल तथा ईब नदी पर 11.27 करोड़ रुपये की लागत से 312 मीटर लंबे पुल का निर्माण शामिल है।
इन चारों पुलों से हजारों ग्रामीणों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि उपज के परिवहन, व्यापार और जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
दो विद्युत उपकेंद्रों से सुधरेगी बिजली व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी क्षमता के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया। इनके शुरू होने से आसपास के गांवों में बिजली वितरण व्यवस्था मजबूत होगी तथा घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों और छोटे व्यवसायियों को भी लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। सड़क, पुल और बिजली जैसी सुविधाएं ग्रामीणों के जीवन को सुगम बनाने के साथ विकास के नए अवसर भी उपलब्ध कराती हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सत्यनारायण बड़ाईक, सरपंच मंजू भगत, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, उपेंद्र यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
