मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंजू भगत के नए घर में कराया गृह प्रवेश

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में योजना की हितग्राही श्रीमती मंजू भगत के नवनिर्मित पक्के मकान का फीता काटकर गृह प्रवेश कराया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें नए घर की बधाई दी और उनकी खुशियों में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद परिवार के पास अपना पक्का घर हो, यह सरकार की प्राथमिकता है। घर केवल चारदीवारी और छत नहीं, बल्कि परिवार की सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का आधार होता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों जरूरतमंद परिवारों का अपने पक्के घर का सपना पूरा हो रहा है। जब किसी परिवार को अपना घर मिलता है और परिवार की महिला उस घर की मालकिन बनती है, तो यह महिला सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम होता है।

मंजू भगत के परिवार के लिए यह अवसर बेहद खास रहा। लंबे समय से अपने पक्के मकान का सपना संजोए परिवार को नया घर मिलने पर खुशी और उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ग्राम जोकरी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही के घर पहुंचकर गृह प्रवेश कराया।

↑
Exit mobile version