जशपुर जिले के किसानों के लिए बड़ी सौगात देते हुए राज्य सरकार ने घरजियाबंधान जलाशय योजना (Irrigation Project) के निर्माण के लिए 51 करोड़ 6 लाख 29 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। जल संसाधन विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद विकासखंड पत्थलगांव के किसानों को खरीफ और रबी दोनों सीजन में सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार घरजियाबंधान जलाशय योजना (Irrigation Project) के माध्यम से लगभग 2064 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। अभी क्षेत्र के अधिकांश किसान वर्षा आधारित खेती पर निर्भर हैं, जिससे अल्प वर्षा या मौसम की अनिश्चितता का सीधा असर फसलों पर पड़ता है। जलाशय बनने के बाद सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होने से खेती अधिक सुरक्षित और लाभकारी होगी।
राज्य शासन ने योजना के निर्माण कार्य के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार, जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। अब तकनीकी और निविदा संबंधी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। सिंचाई परियोजना (Irrigation Project) के पूरा होने से क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को फसल विविधीकरण का भी अवसर मिलेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल सिंचाई क्षमता बढ़ेगी, बल्कि भूजल स्तर के संरक्षण में भी मदद मिलेगी। पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से किसान पारंपरिक फसलों के साथ बागवानी और नगदी फसलों की खेती भी कर सकेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
राज्य सरकार का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। घरजियाबंधान जलाशय योजना (Irrigation Project) इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में कृषि विकास को नई गति मिलने के साथ हजारों किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
