IPL 2027 : अगले साल जल्दी बजेगा आईपीएल का बिगुल, जानिए क्यों बदला जा रहा पूरा कार्यक्रम

क्रिकेट प्रेमियों के लिए अगले साल का इंतजार अभी से दिलचस्प होता (IPL 2027) जा रहा है। मौजूदा सत्र खत्म हुए कुछ ही दिन हुए हैं, लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अगले संस्करण की तैयारियों पर काम शुरू कर दिया है। इसी बीच टूर्नामेंट की संभावित तारीखों को लेकर सामने आई जानकारी ने फैंस के बीच नई चर्चा छेड़ दी है।

खास बात यह है कि अगले साल होने वाला संस्करण कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। ऐसे में इसके कार्यक्रम को लेकर बोर्ड बेहद सतर्क नजर आ रहा है। शुरुआती संकेत बताते हैं कि इस बार टूर्नामेंट को सामान्य समय से पहले शुरू और समाप्त करने की तैयारी चल रही है।

मार्च में हो सकता है आगाज : IPL 2027

मिली जानकारी के अनुसार अगले साल का आईपीएल 10 मार्च से शुरू कराया जा सकता है। वहीं फाइनल मुकाबला 15 मई के आसपास आयोजित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

बोर्ड का मानना है कि मई के अंतिम सप्ताह में उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी रहती है। ऐसे हालात में खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी वजह से प्रतियोगिता को पहले समाप्त करने का विकल्प तलाशा जा रहा है।

मुकाबलों की संख्या नहीं बढ़ेगी

क्रिकेट कैलेंडर पहले से ही काफी व्यस्त है। इसी कारण अगले संस्करण में मैचों की संख्या बढ़ाने की कोई योजना फिलहाल नहीं दिखाई दे रही है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिए हैं कि आगामी सत्र में भी कुल 74 मुकाबले ही खेले जाने की संभावना है। भविष्य में मैचों की संख्या बढ़ाकर 94 किए जाने पर विचार हो सकता है, लेकिन अगले साल ऐसा होने की उम्मीद नहीं है।

20 साल पूरे करेगा टूर्नामेंट

अगला संस्करण इसलिए भी खास रहने वाला है क्योंकि दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग अपने 20 वर्ष पूरे करेगी। ऐसे में बोर्ड इसे यादगार बनाने की दिशा में भी काम कर रहा है।

इस वर्ष टूर्नामेंट 29 मार्च से शुरू हुआ था और 31 मई को इसका फाइनल खेला गया था। लेकिन अगले साल मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में बदलाव की तैयारी की जा रही है।

मानसून और गर्मी भी बड़ी वजह

बोर्ड के अनुसार 15 मई के बाद कई क्षेत्रों में प्री मानसून गतिविधियां शुरू होने लगती हैं। इसके अलावा गर्मी का असर भी काफी बढ़ जाता है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए लीग को पहले समाप्त करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस विषय पर आईपीएल संचालन परिषद के साथ भी चर्चा जारी है और जल्द अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के बाद होगा आयोजन

अगले वर्ष की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत दौरे पर आने (IPL 2027) वाली है। दोनों देशों के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तहत पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।

श्रृंखला का पहला मुकाबला 21 जनवरी से शुरू होने की संभावना है, जबकि अंतिम टेस्ट 27 फरवरी से खेला जाएगा और 3 मार्च तक समाप्त हो सकता है। इसके करीब एक सप्ताह बाद आईपीएल का आगाज होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल मार्च के बाद भारतीय टीम के किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में बोर्ड के लिए आईपीएल के आयोजन की योजना बनाना अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है।

↑
Exit mobile version