Editorial: बंगाल विधानसभा के दसूरे चरण में 142 सीटों पर आज मतदान होना है। इस दौरान वहां हिंस की आशंका बनी हुई है। गौरतलब है कि आज जिन सीटों पर मतदान होगा वे सभी टीएमसी का गढ़ मानी जाती है। पिछले विधानसभा चुनाव में इन 142 सीटों में से 123 सीटें टीएमसी ने जीती थी जबकि भाजपा को सिर्फ 18 सीटें मिली थी। भाजपा इस बार यहां अपना पूरा जोर लगा रही है। वहीं टीएमसी अपना गढ़ बचाने के लिए जद्दो जहद कर रही है। जिससे मतदान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो सकती है।
पिछले विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा हिंसा हुई थी और 47 लोग मारे गये थे इसलिए आज के मतदान में सुरक्षाबलों को और अधिक सतर्क रहना होगा तभी वहां मतदाता निर्भिक होकर मतदान कर पायेंगे और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो पाएगा। इस स्थिति को देखते हुए ही चुनाव आयोग ने वहां अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती की है और उत्तरप्रदेश में सिंघम कहे जाने वाले एंकाउंटर स्पेश्लिस्ट आईपीएस अधिकारी अजय शर्मा को आब्जरवर बनाकर डॉयमंड हारबर जिले में भेजा गया है।
जहां उन्होंने मतदाताओं को धमकी चमकी देने वाले टीएमसी प्रत्याशी जहांगीर खान के घर के पास जाकर उन्हें चेतावनी भी दी है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि मतदान के दौरान किसी ने गड़बड़ी की कोशिश की तो उसे कड़ा सबक सिखाया जाएगा। हालांकि उक्त आईपीएस अफसर की इस चेतावनी को लेकर भी सियासत गर्मा गई है लेकिन मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों को इसी तरह का कठोर रूख अख्तियार करना होगा। अन्यथा मतदान के दौरान हिंसा की आशंका को नकारा नहीं जा सकता।
