Electricity Bill Hike : बिजली दर बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 17 जून से प्रदेशभर में आंदोलन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है (Electricity Bill Hike)। राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बिजली के दाम बढ़ाना जनता पर अत्याचार है और कांग्रेस लगातार पांचवीं बार की गई बढ़ोतरी का विरोध करेगी।

17 जून से शुरू होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

दीपक बैज ने बताया कि 17 जून को प्रदेश के सभी जिलों में बिजली कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया जाएगा। 18 जून को सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ता आयोजित कर बिजली दर बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस अपना पक्ष रखेगी।

उन्होंने कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे और सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाएंगे।

बिजली दर बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर हमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे तथा गैर घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक बिजली दर बढ़ाई है। किसानों को भी राहत नहीं दी गई और कृषि पंपों की बिजली दर में भी 40 पैसे की वृद्धि की गई है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद लगातार पांचवीं बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई है। पहले से ही बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान जनता को राहत देने के बजाय सरकार अतिरिक्त बोझ डाल रही है।

स्मार्ट मीटर पर भी उठाए सवाल

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को सामान्य से कई गुना अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली खपत वास्तविक उपयोग से अधिक दर्ज हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ा दिया गया है और उसके आधार पर अतिरिक्त शुल्क वसूला जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था की वजह से आम उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं।

जनता पर बढ़ रहा आर्थिक बोझ

दीपक बैज ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी, बिजली बिल हाफ योजना बंद होने और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के कारण लोगों के बिजली बिलों में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि जून माह में लाखों उपभोक्ताओं के बिल सामान्य से कई गुना अधिक आए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा प्रदेश की राजनीति में प्रमुख विषय बन सकता है।

Exit mobile version