सशक्त नारी और युवा शक्ति से बनाएंगे विकसित छत्तीसगढ़ : अरुण साव

बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सशक्त महिलाएं और हुनरमंद युवा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़वासियों की भावनाओं और कठिनाइयों को समझते हुए अलग राज्य की सौगात दी थी। वन, खनिज और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को अलग पहचान दिलाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार अटल जी के सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती है। महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। वहीं युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के लिए नए संस्थान शुरू किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर का निर्माण कर युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई है।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल अलंकरण सम्मान दोबारा शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। उन्होंने मैनपाट की टीम के कक्षा 11वीं के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अपने हुनर से टीम को जीत दिला रहे हैं। बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहे हैं।

निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। बिलासपुर में बड़ी संख्या में सड़कों को स्वीकृति मिली है और अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। बेहतर औद्योगिक नीति के कारण देश और दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सलवाद के कारण होती थी, लेकिन अब नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। आने वाले समय में प्रदेश और अधिक खुशहाल तथा समृद्ध बनेगा।

महापौर पूजा विधानी ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य के साथ एक विशिष्ट पहचान दी। राज्य गठन के बाद प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है और छत्तीसगढ़ विकसित प्रदेश बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

स्वाति दीदी का किया सम्मान

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास प्रदर्शनी के स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी ली। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसका दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया।

इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडे, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम सभापति विनोद सोनी, दीपक सिंह ठाकुर और मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

↑
Exit mobile version