Cyber Fraud: 113 करोड़ रुपये के साइबर ठगी नेटवर्क का सूरजपुर से जुड़ा तार, दो आरोपी गिरफ्तार

नीलांचल गौड़

सूरजपुर/नवप्रदेश। देशभर में फैले 113 करोड़ रुपये से अधिक के साइबर ठगी (Cyber Fraud) नेटवर्क का तार सूरजपुर से जुड़ने का मामला सामने आया है। इस मामले में सूरजपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में संचालित एक संस्था के बैंक खाते के माध्यम से 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों से जुड़े कुल 1 अरब 13 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के बदले आरोपियों को 13 लाख रुपये कमीशन मिला था, जिसे अलग-अलग लोगों में बांटा गया था।

पुलिस को भारतीय साइबर अपराध (Cyber Fraud) समन्वय केंद्र (आई4सी) के पोर्टल के माध्यम से विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध खातों की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सूरजपुर स्थित एक बैंक खाते के जरिए बड़े पैमाने पर साइबर ठगी की रकम के लेनदेन का पता चला।

संस्था के नाम पर खुलवाया था बैंक खाता

जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी और महेश कुमार चक्रधारी ने मिलकर एसबीआई की सूरजपुर शाखा में डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से संस्था का पंजीयन कराकर बैंक खाता खुलवाया था। इस खाते के संबंध में देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में खाते के माध्यम से 1,13,32,09,604 रुपये के संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

13 करोड़ के लेनदेन पर मिला 13 लाख कमीशन

पुलिस की विवेचना में पता चला कि 23 से 29 अप्रैल 2025 के बीच देवनारायण चक्रधारी के एसबीआई खाते में करीब 13 करोड़ रुपये की ठगी की रकम का लेनदेन हुआ था। इसके बदले 13 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिले थे। जांच के अनुसार, जिशान खान ने चेक और एटीएम के माध्यम से यह रकम निकाली थी। कमीशन की राशि में से देवनारायण चक्रधारी को 8 लाख, अमन पासवान को 2 लाख और जिशान खान को 2.5 लाख रुपये मिलने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों ने इस रकम को खर्च करना बताया है। इस मामले में देवनारायण चक्रधारी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है।

मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर साइबर धोखाधड़ी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और नगर पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर की टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता से पुलिस ने अमन पासवान (32), निवासी पंखानजूर, जिला कांकेर तथा जिशान रजा (30), निवासी नावापारा, सूरजपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है।

एक आरोपी अब भी फरार

पुलिस के मुताबिक, मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बैंक खातों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक सकलूराम भगत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। 21 राज्यों के 150 खाताधारकों की शिकायतों से जुड़े इस मामले में 113 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेनदेन सामने आने से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क की आशंका है। पुलिस अब रकम के पूरे लेनदेन, अन्य संलिप्त लोगों और फरार आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।

↑
Exit mobile version