Bribery Case : रिश्वत मांगना पड़ा भारी, बैंक शाखा प्रबंधक तत्काल निलंबित

मृतक खातेदार के नामिनी को जमा राशि भुगतान करने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने (Bribery Case) के आरोप में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है । यह कार्रवाई शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद की गई।

जनदर्शन में हुई थी शिकायत

जानकारी के अनुसार मामला बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की निपानिया शाखा से जुड़ा है। शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज कराई गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मृतक खातेदार की जमा राशि जारी करने के लिए शाखा प्रबंधक द्वारा नामिनी से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच नोडल अधिकारी के माध्यम से कराई गई। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।

जांच के बाद हुई कार्रवाई

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर बैंक प्रबंधन ने कर्मचारी सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Bribery Case) कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नोडल कार्यालय महासमुंद से संबद्ध किया गया है। बैंक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की नियमानुसार आगे भी जांच जारी रहेगी। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि शासकीय और सहकारी संस्थाओं में भ्रष्टाचार तथा रिश्वतखोरी के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। शिकायत मिलने पर त्वरित जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version