नई दिल्ली। पंजाब की राजनीति में करीब छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) एक बार फिर साथ आ गए हैं। दोनों दलों ने 24 नवंबर को 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन का ऐलान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में गठबंधन की घोषणा की गई।
करीब 24 साल तक साथ रहे दोनों दलों के बीच सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर मतभेद पैदा हुए थे। किसान आंदोलन के दौरान अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से नाता तोड़ लिया था। पार्टी की नेता हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा भी दे दिया था। इसके बाद दोनों दलों ने अलग-अलग राजनीतिक राह चुन ली थी। अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों का फिर साथ आना पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
24 साल पुराना गठबंधन, तीन बार बनाई सरकार
भाजपा और अकाली दल का गठबंधन 1996 में हुआ था। दोनों दलों ने मिलकर 1997, 2007 और 2012 में पंजाब में सरकार बनाई। इस दौरान प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री रहे और भाजपा गठबंधन में सहयोगी की भूमिका निभाती रही।
पुराने समझौते के तहत विधानसभा चुनाव में अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। हालांकि, 2027 के चुनाव के लिए सीटों का पुराना फॉर्मूला लागू होगा या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
अलग-अलग चुनाव लड़ने का दोनों दलों को हुआ नुकसान
2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों को करारी हार का सामना करना पड़ा। 117 सीटों वाली विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई। वहीं अकाली दल को केवल तीन और भाजपा को दो सीटें मिलीं।
