Bemetara Jail: बेमेतरा में प्रदेश की पहली खुली जेल, तलाशे जा रहे 100 ‘शरीफ’ कैदी

-Bemetara Jail: पांच केंद्रीय जेलों में 10 साल से ज्यादा सजा वालों के मांगे गए नाम, रिकॉर्ड खंगालेगी विशेष समिति

मनोज शुक्ला

बेमेतरा/नवप्रदेश। बेमेतरा में प्रदेश की पहली खुली जेल (Bemetara Jail) शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। जेल को 2 अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए राज्य की पांचों केंद्रीय जेलों में 10 साल से अधिक की सजा भुगत रहे ऐसे कैदियों के नाम मांगे गए हैं, जिनका आचरण अच्छा रहा है और जो खुली जेल की व्यवस्था में रहने के योग्य माने जा सकते हैं। हालांकि लंबी सजा भुगत रहे हर कैदी को खुली जेल में जगह नहीं मिलेगी। महिला संबंधी अपराधों में दोषी कैदियों को चयन प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। उम्र, आचरण, सजा की अवधि और श्रम करने की क्षमता समेत निर्धारित मापदंडों पर खरा उतरने वाले करीब 100 कैदियों का चयन किया जाएगा।

पूरे रिकॉर्ड की जांच करेगी

कैदियों के चयन के लिए राज्य शासन ने विशेष समिति गठित करने का प्रावधान किया है। जेल महानिदेशक समिति के अध्यक्ष होंगे। डीआईजी जेल और नामित जेल अधीक्षक इसके सदस्य रहेंगे, जबकि खुली जेल (Bemetara Jail) के अधीक्षक समिति के सचिव होंगे। समिति पांचों केंद्रीय जेलों से प्राप्त कैदियों के नामों के साथ उनके पूरे रिकॉर्ड की जांच करेगी। इसमें कैदी का आचरण, सजा की अवधि और अन्य निर्धारित मापदंडों को देखा जाएगा। इसके बाद पात्र कैदियों की सूची तैयार कर करीब 100 कैदियों का चयन किया जाएगा।

आईटीआई और औद्योगिक इकाई भी होगी

खुली जेल में कैदियों को केवल रखने के बजाय उन्हें रोजगार और कौशल प्रशिक्षण से जोडऩे की योजना है। इसके लिए आईटीआई शुरू करने के लिए एमओयू किया जा चुका है। साथ ही कैदियों को काम उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औद्योगिक इकाई स्थापित करने के प्रयास भी जारी हैं। खुली जेल की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां पारंपरिक जेलों की तरह बंद बैरक और लॉकअप नहीं होंगे। अच्छे आचरण वाले चयनित कैदियों को अपेक्षाकृत खुली व्यवस्था में रहते हुए काम और कौशल प्रशिक्षण से जोडऩे की योजना है।

30 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए उम्र

खुली जेल के लिए कैदियों की उम्र 30 वर्ष से अधिक और 60 वर्ष से कम होना जरूरी है। इसके साथ ही उनका आचरण अच्छा होना चाहिए और वे शारीरिक रूप से श्रम करने में सक्षम हों। खुली जेल में रहने के दौरान कैदियों (Bemetara Jail) को काम और कौशल विकास से जोडऩे की योजना है। जेल विभाग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पूरी सतर्कता बरत रहा है। इसके लिए बेमेतरा पुलिस प्रशासन से भी चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग मांगा जा रहा है।

48 पद मंजूर, शुरुआत में 30 कर्मचारी संभालेंगे व्यवस्था

बेमेतरा की खुली जेल के लिए 48 पदों को मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि नई भर्ती और पदस्थापना की प्रक्रिया पूरी होने तक उपलब्ध स्वीकृत बल से ही जेल का संचालन शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए अधीक्षक समेत करीब 30 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती का प्रस्ताव मांगा गया है। जेल प्रबंधन के स्तर पर स्टाफ की व्यवस्था को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Exit mobile version